43 साल की उम्र में द हंड्रेड में 2 विकेट लेकर जेम्स एंडरसन ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने दुनिया के पहले खिलाड़ी
James Anderson: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था लेकिन वे द हंड्रेड लीग में अभी भी खेल रहे हैं. उन्होंने इसी टूर्नामेंट में खेलते हुए 2 विकेट लेकर इतिहास रच दिया है.
James Anderson: इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने मंगलवार को इतिहास रच दिया. उन्होंने 43 साल की उम्र में द हंड्रेड पुरुष प्रतियोगिता में विकेट लेकर सबसे उम्रदराज तेज गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की ओर से खेलते हुए एंडरसन ने लीड्स के हेडिंग्ले मैदान में नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स के खिलाफ खेले गए द हंड्रेड 2025 के 30वें लीग मैच में दो विकेट हासिल किए.
जेम्स एंडरसन ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज माइकल होगन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 41 साल और 86 दिन की उम्र में 2022 में साउदर्न ब्रेव के लिए द हंड्रेड में विकेट लिया था. हालांकि, द हंड्रेड में सबसे उम्रदराज गेंदबाज का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के पूर्व स्पिनर इमरान ताहिर के नाम है, जिन्होंने 43 साल और 145 दिन की उम्र में 2022 में बर्मिंघम फीनिक्स के लिए विकेट हासिल किया था.
मैनचेस्टर में चमके जेम्स एंडरसन
एंडरसन ने 6 अगस्त 2025 को द हंड्रेड में डेब्यू किया था लेकिन पहले दो मैचों में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला. लीड्स में उन्होंने अपनी शानदार गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया. उन्होंने मैच की छठी गेंद पर पूर्व इंग्लिश बल्लेबाज डेविड मलान को जोस बटलर के हाथों कैच आउट करवाया, जो केवल 3 रन बना सके.
इसके बाद नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आए डैन लॉरेंस ने एंडरसन की दो गेंदों पर लगातार दो चौके जड़े लेकिन नौवीं गेंद पर एंडरसन ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. एंडरसन ने 20 गेंदें फेंकीं और 30 रन देकर 2 विकेट लिए. उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत मैनचेस्टर ओरिजिनल्स ने नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स को 100 गेंदों में 139/8 पर रोक दिया.
बटलर और रविंद्रा की तूफानी बल्लेबाजी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की टीम ने जोस बटलर के 37 गेंदों में 70 रनों की शानदार पारी की मदद से 140 रनों का लक्ष्य केवल 84 गेंदों में हासिल कर लिया. बटलर ने अपनी पारी में 7 चौके और 5 छक्के जड़े. उनके साथ रचिन रविंद्रा (23 गेंदों में नाबाद 47) ने तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 99 रनों की साझेदारी की, जिसने मैनचेस्टर को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.