FIFA World Cup 2026

FIFA World Cup 2026: 'देश से निकल जाओ...', मैच के बाद अमेरिका में ईरान के साथ हुआ बुरा सलूक, कोच का रोया दिल

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ईरानी टीम को हर मैच के बाद तुरंत अमेरिका छोड़ना पड़ रहा है. वीजा पाबंदियों और युद्ध के कारण टीम मेक्सिको के तिजुआना शहर से आ-जाकर मैच खेल रही है.

X
Ashutosh Rai

फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर ईरान की टीम मैदान के बाहर भी एक बड़ी लड़ाई लड़ रही है. खेल से पहले और बाद में जो हालात इस टीम को झेलने पड़ रहे हैं, वे बेहद मुश्किल हैं. वीजा रोक, लंबी यात्रा और राजनीतिक दबाव के बीच ईरानी खिलाड़ी मैदान पर उतर रहे हैं, यह अपने आप में हैरान करने वाली बात है.

मैच खत्म होते ही अमेरिका छोड़ने का हुक्म

न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉस एंजिल्स के पास सोफी स्टेडियम में मुकाबले के बाद ईरान के हेड कोच अमीर घालेनोइ ने मीडिया के सामने अपना दर्द बयां किया. उन्होंने बताया कि टीम को हर मैच के बाद तुरंत अमेरिका छोड़ने का आदेश दिया जाता है. वीजा की शर्तों और सुरक्षा कारणों से टीम का ठिकाना मेक्सिको के तिजुआना शहर में है और मैच के दिन ही खिलाड़ी अमेरिका आते हैं. कोच ने कहा कि हमने अपना ज्यादातर वक्त हवाई सफर में बिताया है और रिकवरी का कोई मौका नहीं मिल रहा. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ईरान शायद इस पूरे वर्ल्ड कप की सबसे प्रताड़ित टीम है. फरवरी 2026 से अमेरिका और इजरायल के साथ जारी युद्ध ने पहले से ही हालात को बहुत कठिन बना दिया है.

फीफा को और मदद करनी चाहिए: कप्तान तारेमी

मैच के बाद फीफा अध्यक्ष गियानी इन्फेंटिनो खुद ईरानी टीम के लॉकर रूम में पहुंचे. टीम के कप्तान मेहदी तारेमी ने इस पर कहा कि भले ही इन्फेंटिनो मदद करना चाहते हों, यह मामला कहीं ज्यादा गहरा है. तारेमी ने यह भी बताया कि ईरान फुटबॉल फेडरेशन के प्रमुख मेहदी ताज और सपोर्ट स्टाफ के कई लोगों को अमेरिका आने की इजाजत ही नहीं दी गई. कप्तान ने उम्मीद जताई कि आने वाले मैचों में फीफा इस मामले में जरूरी कदम उठाएगा. ईरान ने पहले ही अपने मैच अमेरिका से बाहर कराने की मांग की थी लेकिन फीफा ने वेन्यू कॉन्ट्रैक्ट का हवाला देकर इसे ठुकरा दिया था.


मैदान पर दिखा जज्बा

लॉस एंजिल्स के आसपास दुनिया में सबसे ज्यादा ईरानी मूल के लोग रहते हैं, इसलिए स्टेडियम का माहौल बेहद अजीब था. जब ईरान का राष्ट्रगान बजा तो कुछ दर्शकों ने हूटिंग की और मैदान की तरफ पीठ कर ली लेकिन जैसे ही खेल शुरू हुआ, सभी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया. मैदान पर ईरानी टीम ने भी जबरदस्त जज्बा दिखाया. 85वीं रैंकिंग की न्यूजीलैंड टीम ने पहले बढ़त बनाई लेकिन 20वीं रैंकिंग वाली ईरानी टीम ने दो बार पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मुकाबला 2-2 की बराबरी पर खत्म किया.