IPL 2026: एक अनार सौ बीमार.... प्लेऑफ की 1 सीट पर 5 टीमों में घमासान, CSK के पास अभी भी मौका
सनराइजर्स हैदराबाद की चेन्नई सुपर किंग्स पर शानदार जीत ने न सिर्फ अंक तालिका में बड़ा बदलाव किया, बल्कि बाकी टीमों के लिए मुकाबला और भी कठिन बना दिया है. अब प्लेऑफ की आखिरी जगह शेष है, जिसके लिए 5 टीमों में घमासान देखने को मिलेगा.
नई दिल्ली: IPL 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है, यहां हर मैच का असर प्लेऑफ की तस्वीर पर पड़ रहा है. सनराइजर्स हैदराबाद की चेन्नई सुपर किंग्स पर शानदार जीत ने न सिर्फ अंक तालिका में बड़ा बदलाव किया, बल्कि बाकी टीमों के लिए मुकाबला और भी कठिन बना दिया है. अब प्लेऑफ की आखिरी जगह शेष है. इस जगह के लिए पांच टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिलेगा.
SRH ने सोमवार को CSK को हराकर16 अकों के साथ प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है. वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 18 अंकों और गुजरात टाइटन्स 16 अंकों के साथ पहले ही नॉकआउट चरण में पहुंच चुकी हैं. लेकन अब प्लेऑफ की आखिरी जगह के लिए पांच टीमों में कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी.
प्लेऑफ की आखिरी सीट के लिए घमासान
अब सबसे ज्यादा नजरें चौथे स्थान की लड़ाई पर टिकी हैं. पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के पास सिर्फ एक-एक मुकाबला बचा है. पंजाब के 13 अंक हैं, जबकि चेन्नई और दिल्ली के खाते में 12-12 अंक मौजूद हैं. इन टीमों को अपने अंतिम मैच जीतने के साथ दूसरे मुकाबलों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा.
वहीं राजस्थान रॉयल्स भी इस रेस में बनी हुई है. टीम के 12 मैचों में 12 अंक हैं और वह अपने बाकी दोनों मैच जीतकर 16 अंक तक पहुंच सकती है. वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के पास भी दो मैच शेष हैं, लेकिन वे अधिकतम 15 अंक ही हासिल कर पाएंगे. ऐसे में अब टूर्नामेंट और दिलचस्प हो गया है क्योंकि देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम सभी मात देते हुए प्लेऑफ की उस एक सीट पर काबिज होगी.
किशन और क्लासेन ने बदला मैच
चेपॉक की धीमी पिच पर चेन्नई ने हैदराबाद को जीत के लिए 181 रनों का टारगेट दिया.
181 रन का पीछा आसान नहीं माना जा रहा था, लेकिन ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी कर मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने 47 गेंदों में 70 रन बनाए, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे. वहीं हेनरिक क्लासेन ने भी 26 गेंदों में 47 रन की तेज पारी खेली.
चेन्नई की उम्मीदें अब भी जिंदा
हालांकि इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की स्थिति काफी मुश्किल हो गई है, लेकिन टीम अभी पूरी तरह बाहर नहीं हुई है. अगर सीएसके अपना आखिरी मुकाबला बड़े अंतर से जीतती है और अन्य परिणाम उनके पक्ष में जाते हैं, तो उसके पास अभी भी प्लेऑफ में पहुंचने का मौका है.