आर्यवीर सहवाग का डेब्यू में धमाल, अन्वय द्रविड़ ने 18 गेंदों में ठोके 38 रन; ऑस्ट्रेलिया को हराया
भारत अंडर-19 ने बारिश से प्रभावित राजकोट यूथ वनडे में ऑस्ट्रेलिया को सात रन से हराया. आर्यवीर सहवाग ने डेब्यू पर 28 रन बनाए. वहीं अन्वय द्रविड़ ने 18 गेंदों में 38 रन ठोके.
राजकोट में भारत अंडर-19 और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के बीच मुकाबला बारिश के कारण 20-20 ओवर का कर दिया गया. भारत ने 182/6 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया 175/7 तक पहुंच सका. आर्यवीर सहवाग ने डेब्यू पर तेज शुरुआत दी. वहीं अन्वय द्रविड़ की तूफानी पारी ने भारत को मजबूत स्कोर दिया.
आर्यवीर सहवाग ने डेब्यू पर जमाए 28 रन
भारत के लिए पारी की शुरुआत कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने की। आर्यवीर ने शुरुआत से ही तेजी दिखाई और 26 गेंदों में 28 रन बनाए. उनकी पारी में पांच चौके शामिल रहे। पावरप्ले में उन्होंने 14 गेंदों पर 16 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी. हालांकि स्पेंसर ग्रीन ने उन्हें आउट कर दिया. इसके बाद लक्ष्य 15 और कुशाग्र ओझा 16 रन बनाकर लौटे. अर्जुन राजपूत ने आठ गेंदों में 15 रन जोड़े लेकिन 12 ओवर के बाद भारत 88/4 पर था.
अन्वय द्रविड़ ने 18 गेंदों में मचाया धमाल
88 रन पर चार विकेट गिरने के बाद अन्वय द्रविड़ बल्लेबाजी के लिए आए. उन्होंने पहले कुछ गेंदें संभलकर खेलीं और फिर तेजी से रन बनाना शुरू किया. अन्वय ने केवल 18 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे. उनका स्ट्राइक रेट 211.11 रहा। यशवर्धन चौहान के साथ उन्होंने तेजी से रन बटोरे और भारत के स्कोर को आगे बढ़ाया. दोनों के बीच 69 रन की साझेदारी हुई. 18वें ओवर में एली ब्रेन ने अन्वय को बोल्ड किया लेकिन तब तक वह टीम को जरूरी रफ्तार दे चुके थे.
Also Read
- एशियन गेम्स में मनु भाकर और तेजिंदर तूर होंगे भारत के ध्वजवाहक, ओपनिंग सेरेमनी में थामेंगे तिरंगा
- एशियन गेम्स 2026 में बड़ी लापरवाही! भारतीय जिम्नास्ट प्रणति नायक और कोच को मिला एक ही कमरा
- आज जापान से भिड़ेगी टीम इंडिया, एशियन गेम्स में क्वार्टरफाइनल का होगा महामुकाबला; जानें कब और कहां देख सकते हैं लाइव
ऑस्ट्रेलिया ने दी कड़ी टक्कर
भारत ने 20 ओवर में 182/6 का स्कोर बनाया. जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने भी तेजी से रन बनाए. नील पटेल ने 31 गेंदों में 45, हेडन बारबुलोविक ने 24 गेंदों में 40 और कप्तान जैक जोस्नेक ने केवल 27 गेंदों में 55 रन बनाए. इसके बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में दबाव बनाए रखा और ऑस्ट्रेलिया को 175/7 पर रोक दिया. यशवर्धन चौहान ने बल्ले के साथ गेंद से भी योगदान दिया और दो विकेट लिए. इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली.