menu-icon
India Daily

IND W vs AUS W: लॉर्ड्स पर टूटा टीम इंडिया का सपना, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर वर्ल्ड कप से किया बाहर

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत सेमीफाइनल से पहले ही बाहर हो गया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
IND W vs AUS W: लॉर्ड्स पर टूटा टीम इंडिया का सपना, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर वर्ल्ड कप से किया बाहर
Courtesy: X

रविवार को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय महिला टीम के लिए एक दर्दनाक शाम थी. ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. मौजूदा वनडे वर्ल्ड चैंपियन भारत का टी20 वर्ल्ड कप जीतने का सपना एक बार फिर अधूरा रह गया और ग्रुप A से ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच गईं.

शेफाली और मंधाना ने दी शानदार शुरुआत

भारत की पारी की शुरुआत बेहद उम्मीद जगाने वाली रही. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पावरप्ले में मिलकर बिना किसी नुकसान के 43 रन जोड़े. मंधाना ने किम गार्थ की गेंदों पर लगातार दो चौके लगाकर रफ्तार पकड़ी. वहीं शेफाली ने एशले गार्डनर की गेंद पर पहले चौका और फिर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शानदार छक्का लगाकर पूरे स्टेडियम को रोमांचित कर दिया. ऑस्ट्रेलिया ने एलिस पेरी को पावरप्ले में ही मैदान पर उतारा लेकिन दोनों भारतीय ओपनर्स पर इसका कोई असर नहीं पड़ा और टीम ने एक मजबूत नींव तैयार की.

171 रनों का लक्ष्य

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने एक सौ इकहत्तर रनों का लक्ष्य रखा जो किसी और दिन काफी हो सकता था. ऑस्ट्रेलिया एक समय दबाव में थी और जरूरी रन रेट दस के करीब पहुंच गई थी लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने मौके पर खराब गेंदबाजी की और फील्डिंग में भी कई मौके छूटे. इन गलतियों का फायदा उठाकर ऑस्ट्रेलिया ने मैच पर दोबारा पकड़ बना ली और आखिरकार छह विकेट से जीत दर्ज की.

ऑस्ट्रेलिया का बदला

यह हार भारत के लिए और भी तकलीफदेह इसलिए रही क्योंकि 2024 महिला टी20 वर्ल्ड कप में भी ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप स्टेज में भारत को हराया था. पिछले साल नवंबर में वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को बाहर किया था, इस बार ऑस्ट्रेलिया ने उसका जवाब दे दिया. इस नतीजे से दक्षिण अफ्रीका की सेमीफाइनल में जगह भी पक्की हो गई जिसने ऑस्ट्रेलिया से शुरुआती हार के बाद लगातार चार मैच जीतकर शानदार वापसी की थी.