IND VS ENG: लॉर्ड्स वनडे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, चोट के कारण बाहर हुए स्टार ऑल-राउंडर वाशिंगटन सुंदर

इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है. ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हो गए हैं.

X
Ashutosh Rai

भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे से पहले टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं. ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो गए हैं. दूसरे वनडे में लगी हैमस्ट्रिंग की चोट अब गंभीर मानी जा रही है, जिससे टीम संयोजन पर असर पड़ सकता है.

सुंदर की चोट ने बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता

दूसरे वनडे के दौरान वाशिंगटन सुंदर बल्लेबाजी करते समय चोटिल हो गए थे. रन लेने के दौरान उनकी हैमस्ट्रिंग में परेशानी हुई और इसके बाद वह पूरी तरह सहज नहीं दिखे. उन्होंने सिर्फ 5 गेंदों में 2 रन बनाए और जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए. रिपोर्ट के अनुसार मेडिकल टीम ने उनकी जांच के बाद उन्हें तीसरे वनडे से बाहर रखने का फैसला लिया है. टीम मैनेजमेंट किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता है.

बैटिंग कोच ने बताया चोट का कारण

भारतीय बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने मैच के बाद सुंदर की चोट पर जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पहला रन लेते समय ही उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव महसूस हुआ था. इसके बाद वह पूरी तरह सहज नहीं रहे और अगली ही गेंद पर आउट हो गए. कोच के मुताबिक चोट सामान्य नहीं लग रही थी, इसलिए मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी. अब तय हो गया है कि वह लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे वनडे का हिस्सा नहीं होंगे. ऐसे में भारत को उनकी जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को मौका देना पड़ सकता है.


निर्णायक मुकाबले से पहले भारत पर दबाव

तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है. भारत ने पहला मुकाबला छह विकेट से जीता था. वहीं दूसरे मैच में इंग्लैंड ने चार विकेट से वापसी की. उस मुकाबले में जो रूट ने नाबाद 99 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई. दूसरी ओर भारत की बल्लेबाजी एक बार फिर उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक लगाए लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके. अब सुंदर के बाहर होने से भारतीय टीम के सामने संतुलित प्लेइंग इलेवन चुनने की चुनौती और बढ़ गई है. लॉर्ड्स में होने वाला मुकाबला सीरीज का फैसला करेगा.