अर्शदीप ने अश्विन से क्यों मांगी माफी? इंटरव्यू में खुद बताई पूरी वजह

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने एक इंटरव्यू में अपने पसंदीदा भारतीय गेंदबाजों की सूची बनाई. इसमें उन्होंने अश्विन को पांचवें स्थान पर रखा जिसके बाद उन्होंने उनसे मांफी मांगी.

X
Ashutosh Rai

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपने बेबाक और मजेदार अंदाज के लिए जाने जाते हैं. इस बार भी उन्होंने एक इंटरव्यू में ऐसी बात कह दी, जिसने क्रिकेट फैंस का ध्यान खींच लिया. उन्होंने रविचंद्रन अश्विन को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसके बाद उन्हें खुद माफी मांगनी पड़ी.

पसंदीदा गेंदबाजों की लिस्ट में आया अश्विन का नाम

एक यूट्यूब इंटरव्यू के दौरान अर्शदीप सिंह से उनके पसंदीदा भारतीय गेंदबाजों की सूची बनाने के लिए कहा गया. उन्होंने इस सूची में भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल और रविचंद्रन अश्विन को शामिल किया. सबसे ऊपर उन्होंने भुवनेश्वर कुमार को रखा और कहा कि वह उनके निजी पसंदीदा गेंदबाज हैं. दूसरे स्थान पर मोहम्मद शमी को रखते हुए उन्होंने उनकी सीम और स्विंग की तारीफ की. इसके बाद कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को भी अपनी सूची में जगह दी. आखिर में उन्होंने रविचंद्रन अश्विन का नाम लिया, जिसके बाद पूरा माहौल हल्का-फुल्का हो गया.

अश्विन को पांचवें नंबर पर रखने के बाद कही दिल की बात

जब अर्शदीप ने अश्विन को पांचवें स्थान पर रखा, तो उन्हें तुरंत महसूस हुआ कि भारत के इतने बड़े मैच विनर को आखिरी स्थान देना सही नहीं लग रहा. उन्होंने हंसते हुए कहा कि उनके पास ऊपर कोई जगह बची ही नहीं थी. अर्शदीप ने साफ कहा कि वह अश्विन का बहुत सम्मान करते हैं और उनका इरादा उन्हें कम आंकने का बिल्कुल नहीं था. उन्होंने मजाक में कहा कि वह अश्विन को व्यक्तिगत रूप से मैसेज करके माफी मांगेंगे. उनके इस बयान पर इंटरव्यू के दौरान मौजूद सभी लोग मुस्कुरा दिए.


पहले कप्तान रहे हैं अश्विन, इसलिए है खास सम्मान

अर्शदीप सिंह ने बताया कि आईपीएल में पंजाब टीम के साथ उनके शुरुआती दिनों में रविचंद्रन अश्विन उनके कप्तान रहे थे. उन्होंने कहा कि अश्विन से उन्हें काफी कुछ सीखने का मौका मिला और वह हमेशा उनके लिए सम्मान की भावना रखते हैं. यही वजह है कि सूची बनाने के बाद उन्हें लगा कि कहीं उनकी बात का गलत मतलब न निकाला जाए. फिलहाल अर्शदीप हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर वनडे और टी20 सीरीज का हिस्सा थे. इसके बाद उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज से आराम दिया गया.