LA28 Olympics: टीम इंडिया की लगी लॉटरी, महिला क्रिकेट टीम ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक का टिकट किया पक्का

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 से जल्दी बाहर होने के बावजूद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए जगह बना ली है.

X
Ashutosh Rai

भारतीय महिला क्रिकेट टीम भले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच सकी लेकिन टीम के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने ICC के नए क्वालिफिकेशन नियमों के तहत 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक का टिकट पक्का कर लिया है.

ICC के नए नियमों से भारत को मिला बड़ा मौका

टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी ग्रुप मुकाबला हारने के बाद भारतीय टीम का सफर समाप्त हो गया था. इसके बावजूद टीम के लिए राहत की खबर आई. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए क्वालिफिकेशन का नया मॉडल लागू किया है. इसके तहत हर महाद्वीप से सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम को सीधा प्रवेश मिलेगा. भारत इस वर्ल्ड कप में एशिया की सबसे सफल टीम रहा, इसलिए उसे ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन मिल गया. यह फैसला भारतीय महिला क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. बता दें की 128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी होने जा रही है.

चार टीमें तय

अब तक ऑस्ट्रेलिया, भारत, दक्षिण अफ्रीका और ग्रेट ब्रिटेन ने ओलंपिक के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है. ऑस्ट्रेलिया ने ओशिनिया, दक्षिण अफ्रीका ने अफ्रीका और ग्रेट ब्रिटेन ने यूरोप का प्रतिनिधित्व करते हुए क्वालिफाई किया. मेजबान अमेरिका को भी एक स्थान मिल सकता है लेकिन इसके लिए उसे तय समय के भीतर ICC महिला टी20 रैंकिंग में शीर्ष-15 में पहुंचना होगा. अगर अमेरिका ऐसा नहीं कर पाया तो यह स्थान रैंकिंग के आधार पर दूसरी टीम को मिलेगा. छठी और आखिरी जगह 2027 में होने वाले ICC ओलंपिक क्वालिफायर से तय होगी, जिसमें आठ टीमें हिस्सा लेंगी.


ICC ने जताई खुशी

ICC चेयरमैन जय शाह ने इसे क्रिकेट के इतिहास का अहम पल बताया. उन्होंने कहा कि ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी दुनिया भर के खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए गर्व का विषय है. उनके अनुसार नया क्वालिफिकेशन सिस्टम सभी सदस्य देशों को साफ और निष्पक्ष मौका देता है. ICC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने भी कहा कि यह मॉडल प्रतिस्पर्धा और वैश्विक भागीदारी के बीच संतुलन बनाता है. लॉस एंजिल्स ओलंपिक में महिला और पुरुष दोनों वर्गों में छह-छह टीमें खेलेंगी. सभी मुकाबले पोमोना में बनाए जा रहे विशेष क्रिकेट मैदान पर आयोजित होंगे.