T20 World Cup 2026

भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथा टी20 मुकाबला आज, होगी कांटे की टक्कर: प्लेइंग 11 में हो सकते हैं बड़े बदलाव

IND vs WI 4th T20:  इस सीरीज में भारत 1-2 से पीछे चल रहा है. सीरीज में बने रहने के लिए भारतीय टीम के लिए आज का मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है.

Gyanendra Tiwari

नई दिल्ली. भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज सीरीज का चौथा टी20 मुकाबला खेला जाएगा. भारत के लिए यह मुकाबला बहुत अहम होने वाला है. इस मुकाबले को जीतकर टीम इंडिया वेस्टइंडीज की बराबरी करना चाहेगी. अभी कैरेबियाई टीम 2-1 से आगे चल रही है. भारत अगर आज का मुकाबला जीतता है तो सीरीज 2-2 से बराबर हो जाएगी.

 प्लेइंग 11 में हो सकते हैं बड़े बदलाव
टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज शाम 8 बजे से फ्लोरिडा के लॉडरहिल में खेला जाएगा. भारतीय टीम आज के प्लेइंग 11 में बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को मौका दे सकती है. पिछले मुकाबले में गेंदबाजों ने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया था. 

कप्तान हार्दिक पांड्या आज के मुकाबले में उमरान मलिका या आवेश खान में से किसी एक को प्लेइंग 11 में मौका दे सकते हैं. अगर इन दो खिलाड़ियों में से किसी एक को मौका मिलता है तो मुकेश कुमार या अर्शदीप सिंह में से किसी एक की प्लेइंग 11 से छुट्टी हो सकती है.

जायसवाल या किशन
तीसरे टी20 में अपना डेब्यू करने वाले यशस्वी जायसवाल कुछ खास नहीं कर पाए थे. वह दूसरी ही गेंद में चलते बने थे. अब ऐसे में सवाल ये उठता है कि क्या जायसवाल को आज प्लेइंग 11 में मौका मिलेगा या फिर पारी की शुरुआत ईशान किशन ही करेंगे. दोनों में से किसी एक को ही खिलाया जा सकता है. किशन ने वनडे में शानदार बल्लेबाजी की थी लेकिन टी20 में वो अच्छा खेल नहीं दिखा पाए हैं. सीरीज में ईशान किशन ने 2 मैचों में 33 रन ही बनाए हैं. वहीं अगर शुभमन गिल की बात करें तो वह भी अपने बल्ले से कमाल नहीं दिखा पाए हैं. उन्होंने 3 मैचों में मात्र 16 रन ही बनाए हैं. 

ऐसी हो सकती है प्लेइंग इलेवन 

भारत की संभावित प्लेइंग 11 : यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार/उमरान मलिक

वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग 11: ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, जॉनसन चार्ल्स, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल (कप्तान), शिम्रोन हेटमायर, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर/रोस्टन चेज़, अकील हुसैन, अल्ज़ारी जोसेफ, ओबेड मैकॉय

यह भी पढ़ें-  वनडे में नंबर तीन के नए बादशाह बाबर आजम, विराट कोहली को छोड़ा पीछे