नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता हमेशा से ही रोमांच की पराकाष्ठा रही है, लेकिन 2026 के आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के इस मुकाबले ने डिजिटल और ब्रॉडकास्ट की दुनिया में जो सुनामी पैदा की है, उसने इतिहास लिख दिया है. आधिकारिक डिजिटल और ब्रॉडकास्ट पार्टनर जिओ हॉटस्टार ने शुक्रवार को घोषणा की कि 'जिओ हॉटस्टार' (Jio Hotstar) पर प्रसारित भारत-पाकिस्तान मैच ने पहुंच और खपत के मामले में ऐसे मील के पत्थर स्थापित किए हैं, जो पहले कभी नहीं देखे गए.
आंकड़ों के अनुसार, इस हाई-वोल्टेज मुकाबले ने 163 मिलियन (16.3 करोड़) की अभूतपूर्व डिजिटल पहुंच दर्ज की है. यह किसी भी आईसीसी टी-20 इवेंट के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक पहुंच है. दिलचस्प बात यह है कि इस आंकड़े ने 2024 के टी20 विश्व कप फाइनल (भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका) की व्यूअरशिप को भी पीछे छोड़ दिया है. जिओ हॉटस्टार के अनुसार, 2024 के भारत-पाक मुकाबले की तुलना में इस बार डिजिटल पहुंच में 56 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्ज की गई है.
मोबाइल पर दर्शकों की दीवानगी इस कदर थी कि इसने 2024 के पिछले संस्करण के मुकाबले 1.2 गुना अधिक व्यूअरशिप हासिल की. वहीं, कनेक्टेड टीवी (CTV) पर तो यह बढ़त और भी हैरतअंगेज रही, जहां 2024 के मुकाबले 2.4 गुना ज्यादा दर्शकों ने मैच का लुत्फ उठाया. मैच के प्रति प्रशंसकों के इस जुनून का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सभी स्क्रीन को मिलाकर कुल 20 अरब मिनट का वॉच टाइम दर्ज किया गया.
न केवल डिजिटल, बल्कि पारंपरिक टीवी (Linear TV) पर भी दर्शकों का सैलाब उमड़ा. टीवी रेटिंग (TVR) में 71 प्रतिशत की भारी बढ़त देखी गई, जिससे यह 2021 के बाद सबसे अधिक रेटिंग वाला टी20 मुकाबला बन गया. जिओ हॉटस्टार के स्पोर्ट्स सेल्स हेड अनूप गोविंदन ने कहा- 'यह मैच अपने आप में एक भव्य दृश्य था. रिकॉर्ड तोड़ पहुंच और खपत यह दिखाती है कि प्रशंसक हर प्लेटफॉर्म पर इस टूर्नामेंट से कितनी गहराई से जुड़े हैं.'
भारतीय टीम का दबदबा मैदान पर भी दिखा, जहां उसने पाकिस्तान के खिलाफ अपना वर्ल्ड कप रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है. टीम इंडिया अब 21 फरवरी से शुरू होने वाले सुपर-8 चरण के लिए पूरी तरह तैयार है, जहाँ गत विजेता के रूप में भारत का लक्ष्य एक बार फिर इतिहास दोहराना है.