भारतीय फुटबॉल टीम को सितंबर में एक और मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा. ब्राजील के खिलाफ मुकाबले से पहले भारत पनामा से भिड़ेगा. यह मैच टीम को बड़े मुकाबले की तैयारी में मदद करेगा. इसके बाद भारत ब्राजील और नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेलेगा.
भारत और पनामा के बीच 26 सितंबर को होने वाला मुकाबला दोनों टीमों की पहली भिड़ंत होगी. पनामा दुनिया की 44वें नंबर की टीम है और 2026 फीफा विश्व कप में भी खेल चुकी है. ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबला आसान नहीं होगा. पनामा को ‘लॉस कैनालेरोस’ के नाम से जाना जाता है. AIFF के डिप्टी जनरल एम. सत्यनारायण ने भी माना कि ब्राजील के खिलाफ मैच से पहले पनामा का सामना करना टीम के लिए अच्छी तैयारी साबित होगा. भारतीय टीम की कमान खालिद जमील के पास है.
सितंबर से नवंबर के बीच भारत को विश्व कप खेल चुकी टीमों के खिलाफ चार मुकाबले खेलने हैं. पनामा के बाद 3 अक्टूबर को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में भारत का सामना ब्राजील से होगा. इसके बाद 12 और 15 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैच खेले जाएंगे. AIFF के मुताबिक, इन मजबूत टीमों के खिलाफ मुकाबले भारतीय खिलाड़ियों को ऊंचे स्तर का अनुभव देंगे.
🇮🇳 vs 🇵🇦
— Indian Football (@IndianFootball) August 25, 2026
A first-ever meeting between India and Panama. 🌟
The Indian men's national team will host the World No. 44 side in an international friendly on September 26. The venue will be confirmed at a later date. 🏟️#INDPAN #BlueTigers #IndianFootball pic.twitter.com/KqWwHM9LaK
भारत का पनामा के खिलाफ मैच उस समय तय हुआ जब AIFF ने ब्राजील के मुकाबले से टकराव के कारण टीम को फीफा आसियान कप से हटाया. टूर्नामेंट 24 सितंबर से शुरू होकर 3 अक्टूबर तक चलना था. वहीं उसी दिन भारत को ब्राजील से खेलना है. इसके अलावा भारतीय टीम 6 अक्टूबर को काबो वर्डे के खिलाफ एक और फ्रेंडली खेलने की तैयारी कर रही है. दोनों पक्षों के बीच इस मुकाबले को लेकर बातचीत चल रही है.