IND vs WI: 'एक तीर से दो निशाने' वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक लगाकर केएल राहुल ने एक ही पारी से ध्वस्त किया रोहित-गंभीर का रिकॉर्ड
IND vs WI 1st Test, KL Rahul: भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक लगाया. इसी के साथ उन्होंने रोहित शर्मा और गौतम गंभीर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.
IND vs WI 1st Test, KL Rahul: भारत और वेस्टइंडीज के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ऐतिहासिक शतक जड़ा. शुक्रवार, 03 अक्टूबर 2025 को दूसरे दिन अपनी इस पारी के दम पर राहुल ने न केवल टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया बल्कि दो दिग्गज भारतीय सलामी बल्लेबाजों, रोहित शर्मा और गौतम गंभीर के रिकॉर्ड को भी एक साथ तोड़ दिया.
केएल राहुल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन 197 गेंदों में शानदार शतक पूरा किया. उनकी इस पारी में धैर्य, तकनीक और आक्रामकता का शानदार मिश्रण देखने को मिला. यह उनके टेस्ट करियर का 10वां शतक था, जो उन्होंने बतौर सलामी बल्लेबाज बनाया. इस शतक के साथ ही राहुल ने भारत के लिए ओपनिंग करते हुए सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वालों की सूची में चौथा स्थान हासिल कर लिया.
केएल राहुल ने रोहित शर्मा और गौतम गंभीर को पछाड़ा
केएल राहुल ने इस शतक के साथ ही रोहित शर्मा और गौतम गंभीर को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम बतौर भारतीय सलामी बल्लेबाज 9-9 टेस्ट शतक दर्ज हैं. इस उपलब्धि ने राहुल को एक खास मुकाम दिलाया.
Also Read
- IND vs WI: इंग्लैंड के बाद भारत में भी रुकने का नाम नहीं ले रहे रविंद्र जडेजा, अब तोड़ डाला एमएस धोनी का रिकॉर्ड
- IND vs WI: शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अर्धशतक लगाकर रचा इतिहास, सुनील गावस्कर की लिस्ट में हुए शामिल
- IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक लगाने के बाद केएल राहुल ने अनोखे अंदाज में मनाया जश्न, जानें क्या है इसका मतलब
हालांकि, भारत के लिए ओपनिंग में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड अभी भी दिग्गज सुनील गावस्कर के नाम है, जिन्होंने 33 टेस्ट शतक बनाए हैं. राहुल की इस उपलब्धि ने यह दिखाया कि वह न केवल मौजूदा दौर के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक हैं बल्कि वह भारत के दिग्गजों की सूची में भी तेजी से ऊपर बढ़ रहे हैं.
भारत में दूसरा टेस्ट शतक
केएल राहुल के लिए यह शतक और भी खास रहा क्योंकि यह उनके टेस्ट करियर का भारत में दूसरा शतक है. इससे पहले उन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में 199 रनों की शानदार पारी खेली थी. उस शतक के बाद 3,211 दिन बीत चुके थे और अब अहमदाबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ यह शतक उनके लिए घरेलू मैदानों पर एक बड़ी उपलब्धि बन गया.