IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

Team India को मिला नया बॉलिंग कोच, गौतम गंभीर के साथ खिलाड़ियों को देगा गुरु मंत्र

IND vs SL Tour: 27 जुलाई से टीम इंडिया का श्रीलंका दौरा शुरू हो रहा है. इस दौरे के लिए टीम को गेंदबाजी कोच मिल गया है. बीसीसीआई ने साईराज बहुतुले को बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी दी है. इस दौरे पर भारत को टी20 और वनडे सीरीज खेलनी है. टी20 में जहां सूर्यकुमार यादव कप्तान हैं तो वहीं वनडे में रोहित शर्मा के हाथों में टीम की कमान है.

Twitter
India Daily Live

IND vs SL Tour: श्रीलंका दौरे के लिए  टीम इंडिया को नया बॉलिंग कोच मिल गया है. मोर्ने मोर्कल भारतीय टीम के साथ श्रीलंका नहीं जाएंगे. इसलिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक अस्थायी व्यवस्था की है, जिसके तहत बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) से जुड़े साईराज बहुतुले को इस दौरे के लिए अंतरिम गेंदबाजी कोच चुना है. अब जल्द ही  बहुतुले टीम इंडिया को ज्वाइन करेंगे.

इससे पहले क्रिकबज ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि गौतम गंभीर के कोचिंग स्टाफ में उनके साथ केकेआर के लिए काम कर चुके अभिषेक नायर और रयान टेन डोशेट सहायक कोच के रूप में शामिल हो गए हैं. वहीं फिल्डिंग कोच के तौर पर टी दिलीप टीम इंडिया के साथ बने रहेंगे.

कौन हैं साईराज बहुतुले?

साईराज बहुतुले पूर्व भारतीय क्रिकेटर हैं. घरेलू क्रिकेट में उनका बड़ा नाम है. अपने जमाने में स्टार लेग स्पिनर रहे साईराज बहुतुले नए जमाने के फैंस के लिए नया नाम हो सकते हैं, लेकिन जब वो मैदान पर होते थे तो अच्छे-अच्छे बल्लेबाज बेबस हो जाते थे. इंटरनेशनल लेवल पर वो टीम इंडिया के लिए ज्यादा मैच नहीं खेल सके. उन्होंने भारत के लिए महज 2 टेस्ट में 3 विकेट लिए और 39 रन बनाए. 8 वनडे में उनके नाम 2 विकेट ही रहे. साईराज ने टेस्ट डेब्यू ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2001 की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज में किया था.

मुंबई के लिए खेला घरेलू क्रिकेट

साईराज  ने 188 फर्स्ट क्लास मैचों में 630 विकेट लिए, इसके अलावा 143 ल‍िस्ट ए में उनके नाम 197 विकेट रहे. वह घरेलू क्रिकेट में सबसे ज्यादा मुंबई की टीम से खेले. इसके अलावा वो आंध्र प्रदेश, असम, महाराष्ट्र, विदर्भ की टीम से भी खेले. काउंटी क्रिकेट में उन्होंने सरे की टीम का प्रतिनिधित्व किया.

कोचिंग का अनुभव भी है

साईराज बहुतुले ने 1 जनवरी 2013 को प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास लिया था. फिर कोचिंग में हाथ आजमाया. उन्हें जून 2024 में केरल क्रिकेट टीम का कोच नियुक्त किया गया. जुलाई 2015 में वो बंगाल क्रिकेट टीम के कोच बनाए गए. फिर फरवरी 2018 में उन्होंने IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए स्पिन गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली थी.

भारत बनाम श्रीलंका टी20 सीरीज शेड्यूल

27 जुलाई - पहला टी20 (पल्लेकेले)
28 जुलाई - दूसरा टी20 (पल्लेकेले)
30 जुलाई - तीसरा टी20 (पल्लेकेले)

भारत बनाम श्रीलंका वनडे सीरीज शेड्यूल

2 अगस्त - पहला वनडे (कोलंबो)
4 अगस्त - दूसरा वनडे (कोलंबो)
7 अगस्त - तीसरा वनडे (कोलंबो)