IPL 2026 US Israel Iran War

टेस्ट सीरीज के बाद वनडे के लिए पूरी तरह से बदली टीम इंडिया, गिल बाहर तो इन 7 खिलाड़ियों की एंट्री

साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने पहले ही टीम इंडिया का ऐलान कर दिया था. हालांकि, वनडे स्क्वाड टेस्ट टीम से काफी बदला-बदला है.

X
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया को घर में 2-0 से करारी हार मिली. अब उसी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 30 नवंबर से शुरू हो रही है. 

पहला मैच रांची में, दूसरा रायपुर में 3 दिसंबर को और तीसरा मैच विशाखापट्नम में 6 दिसंबर को खेला जाएगा. टीम इंडिया इस सीरीज में जीत हासिल कर साउथ अफ्रीका को जवाब देना चाहेगी.

15 सदस्यीय टीम का हुआ था ऐलान

BCCI ने 23 नवंबर को वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया. टेस्ट टीम से आठ खिलाड़ी तो बरकरार हैं लेकिन सात बड़े नाम बाहर हो गए हैं और उनकी जगह सात नए चेहरे टीम में शामिल हुए हैं. 

गिल से लेकर बुमराह तक बाहर हुए कई खिलाड़ी

शुभमन गिल गर्दन की चोट के कारण उपलब्ध नहीं थे. जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से आराम दिया गया.  
साई सुदर्शन ने पिछले एक साल में सिर्फ एक वनडे खेला और मौका नहीं मिला. देवदत्त पडिक्कल तो टेस्ट में प्लेइंग-11 में भी जगह नहीं बना सके थे.  

अक्षर पटेल हाल ही में समाप्त हुई ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए. मोहम्मद सिराज को भी आराम दिया गया है. तो वहीं आकाश दीप को सिर्फ टेस्ट क्रिकेट में ही मौका मिलता है.

टीम में हुई 7 नई एंट्री 

वनडे टीम में 7 बदलाव हुए हैं, जो टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं थे. इसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली का नाम शामिल है. तो वहीं घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले ऋतुराज गायकवाड़ को भी चुना गया है, जबकि तिलक वर्मा भी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं.

अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं थे. हालांकि, इन गेंदबाजों को वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है.

टेस्ट और वनडे दोनों टीमों में शामिल रहने वाले खिलाड़ी

इस टीम में कुल 8 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो टेस्ट और वनडे दोनों ही टीमों का हिस्सा होंगे. इसमें पहला नाम केएल राहुल का है. राहुल तो भारतीय टीम की कप्तानी करने वाले हैं. 

राहुल के अलावा इस लिस्ट में यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी और ध्रुव जुरेल का नाम शामिल है.

वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड

केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल.