IND vs AUS: इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी पर विराट का नाम अनचाही लिस्ट में हुआ शामिल, 'किंग' के करियर में पहली बार हुआ ऐसा
IND vs AUS, Virat Kohli: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में विराट कोहली ने लंबे समय बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की. हालांकि, उनकी वापसी अच्छी नहीं रही है और वे जीरो के स्कोर पर ऑउट हो गए और इसी के साथ अनचाही लिस्ट में उनका नाम शामिल हो गया है.
IND vs AUS, Virat Kohli: पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का पहला वनडे मैच निराशाजनक शुरुआत के साथ शुरू हुआ. भारतीय टीम के दो दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली, मात्र 21 रनों के स्कोर पर पवेलियन लौट गए. जहां रोहित शर्मा ने 14 गेंदों में 8 रन बनाए. वहीं विराट कोहली मिशेल स्टार्क की गेंद पर 8 गेंदों में खाता खोले बिना आउट हो गए. इसके बाद कप्तान शुभमन गिल भी 18 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए, जिससे भारत का स्कोर 25/3 हो गया.
विराट कोहली के लिए यह पारी बेहद निराशाजनक रही. यह पहला मौका है जब विराट ऑस्ट्रेलिया में वनडे मैच में शून्य पर आउट हुए. उनके करियर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह तीसरा डक है. इससे पहले 2023 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ लखनऊ में वह 9 गेंदों में बिना रन बनाए आउट हुए थे. इस बार 8 गेंदों का सामना करने के बाद वह डक पर आउट हुए, जो उनके वनडे करियर का दूसरा सबसे लंबा डक इनिंग है.
अनचाही लिस्ट में शामिल हुआ विराट कोहली का नाम
विराट का यह 39वां इंटरनेशनल डक है, जो भारतीय क्रिकेटरों में तीसरा सबसे ज्यादा है. उनसे आगे केवल जहीर खान (43 डक) और इशांत शर्मा (40 डक) हैं. मिचेल स्टार्क ने विराट को इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरी बार डक पर आउट किया. इससे पहले इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन ही ऐसा कर पाए थे.
Also Read
- IND vs AUS: शुभमन गिल की कप्तानी में भी नहीं बदली टीम इंडिया की किस्मत, भारत को लगातार 16वें टॉस में मिली हार
- IND vs AUS: पर्थ में फीकी रही रोहित-विराट की वापसी, हिटमैन बड़ा स्कोर बनाने में फेल तो कोहली जीरो पर ऑउट
- IND vs AUS: नीतीश कुमार रेड्डी के वनडे डेब्यू पर 93 सालों में पहली बार हुआ खास कारनामा, रोहित शर्मा ने थमाई कैप
मैच में शुरुआती झटके
भारत की शुरुआत बेहद खराब रही. रोहित शर्मा को जोश हेजलवुड ने अतिरिक्त उछाल के साथ चकमा दिया. पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने कमेंट्री के दौरान कहा, "हेजलवुड की खास लेंथ और पर्थ की पिच का अतिरिक्त उछाल रोहित को परेशान कर गया. भारत में यह गेंद एक फुट नीचे रहती, लेकिन यहां बल्लेबाजों को इस उछाल के लिए तैयार रहना पड़ता है."
विराट की फिटनेस और वापसी
मैच से पहले विराट ने फॉक्स स्पोर्ट्स पर रवि शास्त्री और एडम गिलक्रिस्ट के साथ बातचीत में अपनी फिटनेस और ब्रेक के बारे में बताया. उन्होंने कहा, "पिछले 15-20 सालों में मैंने सबसे ज्यादा क्रिकेट खेला है. इस दौरान मैंने शायद ही कोई ब्रेक लिया हो. यह ब्रेक मेरे लिए ताजगी भरा था. मैं पहले से ज्यादा फिट महसूस कर रहा हूं और मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार हूं. अब बस शारीरिक तैयारी पर ध्यान देना है."