T20 World Cup 2026

T20 World Cup 2026: वानखेड़े में कैरेबियाई टीम का बड़ा धमाका, भारत का 19 साल पुराना रिकॉर्ड किया ध्वस्त

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती ओवरों में दो विकेट जल्दी गंवा दिए. इसके बाद शिमरन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल ने मोर्चा संभाला और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर पलटवार शुरू किया.

Anuj

मुंबई: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में वेस्टइंडीज ने बल्लेबाजी का ऐसा शानदार प्रदर्शन किया, जिसने टूर्नामेंट के इतिहास में नया रिकॉर्ड दर्ज करा दिया. मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. यह टी20 विश्व कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टीम स्कोर है.

इससे पहले सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम दर्ज है, जिसने 2007 के टी20 विश्व कप में केन्या के खिलाफ 260 रन बनाए थे. वेस्टइंडीज ने अपने इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ बड़े स्कोर की सूची में भारत, आयरलैंड, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों को पीछे छोड़ दिया. भारत ने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 218 रन बनाए थे. सबसे ज्यादा स्कोर बनाने की लिस्ट में भारतीय टीम अब सातवें स्थान पर खिसक गई है.

हेटमायर की तूफानी पारी

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती ओवरों में दो विकेट जल्दी गंवा दिए. इसके बाद शिमरन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल ने मोर्चा संभाला और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर पलटवार शुरू किया.

दोनों बल्लेबाजों ने तेज रनगति से खेलते हुए बड़े शॉट लगाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. हेटमायर ने मात्र 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर वेस्टइंडीज के लिए टी20 विश्व कप में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने 34 गेंदों पर 7 चौके और 7 छक्के की मदद से 85 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली. उनके आउट होने के बाद भी रनगति में कोई कमी नहीं आई.

पॉवेल की आक्रामक बल्लेबाजी

हेटमायर के आउट होने के बाद पॉवेल ने पारी को आगे बढ़ाया और आक्रामक अंदाज जारी रखा. उन्होंने 35 गेंदों में 59 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. पॉवेल की पारी ने वेस्टइंडीज को 250 के पार पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई. मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भी टीम की रनगति बनाए रखी. शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाए, जबकि रोमारियो शेफर्ड ने 10 गेंदों में 21 रन जोड़कर पारी को विस्फोटक अंत दिया.

 सुपर-8 में मजबूत दावेदारी

सुपर-8 जैसे अहम चरण में वेस्टइंडीज का यह प्रदर्शन टीम के आत्मविश्वास को नई मजबूती देगा. 254 रन का विशाल स्कोर यह दर्शाता है कि जब कैरेबियाई बल्लेबाज लय में होते हैं तो वे किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर सकते हैं. इस ऐतिहासिक पारी के बाद वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल की दौड़ में खुद को मजबूत दावेदार के रूप में पेश कर दिया है और टूर्नामेंट की अन्य टीमों को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कैरेबियाई बल्लेबाजी से पार पाना आसान नहीं होगा.