WI vs SA: साउथ अफ्रीका की भारत के बाद वेस्टइंडीज पर धमाकेदार जीत, सेमीफाइनल में पहुंचना तय, भारत के लिए खुशखबरी
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच अहम मुकाबला खेला गया. इस मैच में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को हराकर शानदार जीत हासिल की.
अहमदाबाद: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 राउंड के अहम मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की. गुरुवार (26 फरवरी) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 176 रन बनाए थे. जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने यह लक्ष्य केवल 16.1 ओवर में हासिल कर लिया.
यह नतीजा भारतीय टीम के लिए भी राहत भरा रहा, क्योंकि यदि वेस्टइंडीज यह मैच जीत जाता तो सेमीफाइनल की दौड़ में भारत के लिए स्थिति मुश्किल हो सकती थी. अब दक्षिण अफ्रीका की जीत से भारत के आगे बढ़ने की संभावनाएं बेहतर हो गई हैं.
डिकॉक-मार्करम ने दिलाई तेज शुरुआत
177 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. कप्तान एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. इस साझेदारी को रोस्टन चेज ने डिकॉक को आउट कर तोड़ा. डिकॉक ने 24 गेंदों पर 47 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे. उनकी तेज पारी से दक्षिण अफ्रीका को रनचेज में शुरुआती बढ़त मिल गई. इसके बाद मार्करम ने आक्रामक अंदाज जारी रखा और रयान रिकेल्टन के साथ मिलकर मैच खत्म कर दिया.
मार्करम ने 46 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए, जिसमें सात चौके और चार छक्के शामिल रहे. वहीं, रयान रिकेल्टन ने 28 गेंदों पर नाबाद 45 रन की उपयोगी पारी खेली. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 82 रन की अटूट साझेदारी हुई और टीम ने आसानी से जीत दर्ज कर ली.
साउथ अफ्रीका की घातक गेंदबाजी
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत काफी आक्रमक रही और टीम ने शुरुआती दो ओवर में 29 रन बना लिए थे, लेकिन तीसरे ओवर में कगिसो रबाडा ने दो विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने कप्तान शाई होप और शिमरॉन हेटमायर को आउट किया. इसके बाद लुंगी एनगिडी ने ब्रैंडन किंग और रोस्टन चेज को पवेलियन भेजकर वेस्टइंडीज को 43 रन पर चार विकेट के संकट में डाल दिया. मध्यक्रम भी ज्यादा देर टिक नहीं सका और लगातार विकेट गिरते रहे.
होल्डर-शेफर्ड ने संभाली वेस्टइंडीज की पारी
ऐसे मुश्किल समय में जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने जिम्मेदारी संभाली. दोनों ने सातवें विकेट के लिए 89 रन की अहम साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. होल्डर ने 31 गेंदों पर 49 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल थे. शेफर्ड 37 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाकर लौटे.
दोनों टीमों के बीच यह मैच दक्षिण अफ्रीका के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाला और भारत के लिए राहत देने वाला साबित हुआ. मार्करम की कप्तानी और बल्लेबाजी ने टीम को टूर्नामेंट में मजबूत दावेदार बना दिया है.