क्रिकेट इतिहास के सबसे महान ऑलराउंडर का निधन, खेल जगत ने खोया अपना सबसे बड़ा सितारा
वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर सर गैरी सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया.
क्रिकेट दुनिया के लिए दुखद खबर सामने आई है. वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर सर गैरी सोबर्स अब इस दुनिया में नहीं रहे. 89 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली. अपने शानदार करियर और रिकॉर्ड के दम पर उन्होंने क्रिकेट इतिहास में ऐसी पहचान बनाई, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा.
20 साल तक वेस्टइंडीज की पहचान रहे सोबर्स
सर गैरी सोबर्स ने 1954 से 1974 तक वेस्टइंडीज के लिए क्रिकेट खेला और इस दौरान अपनी प्रतिभा से पूरी दुनिया को प्रभावित किया. उन्होंने 93 टेस्ट मैचों में 8,032 रन बनाए और उनका बल्लेबाजी औसत 57.78 रहा. उनके नाम 26 टेस्ट शतक और 30 अर्धशतक दर्ज हैं. साल 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई उनकी नाबाद 365 रन की ऐतिहासिक पारी कई वर्षों तक टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर रही. यह रिकॉर्ड 1994 में ब्रायन लारा ने तोड़ा. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है.
Also Read
क्रिकेट इतिहास में हमेशा अमर रहेगा नाम
क्रिकेट में उनके योगदान को देखते हुए ब्रिटिश सरकार ने 1975 में उन्हें नाइटहुड से सम्मानित किया, जिसके बाद उनके नाम के आगे ‘सर’ जुड़ गया. उन्होंने वेस्टइंडीज की कप्तानी भी की और टीम को कई यादगार जीत दिलाईं. मैदान के बाहर भी उनका व्यक्तित्व बेहद सरल और प्रेरणादायक माना जाता था. उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है और दुनिया भर के खिलाड़ी, पूर्व क्रिकेटर और प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. रिकॉर्ड समय के साथ बदल सकते हैं लेकिन सर गैरी सोबर्स का योगदान और उनकी विरासत हमेशा क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में जिंदा रहेगी.