FIFA WORLD CUP के बीच आई दर्दनाक खबर, बच्चे का चेहरा देखने से पहले ही दुनिया छोड़ गया यह स्टार फुटबॉलर, गोलीबारी में गई जान
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बीच एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. इजराइली सेना की गोलीबारी में 32 वर्षीय फिलिस्तीनी गोलकीपर सलीम खादर अल-अश्कर की मौत हो गई है. वह अपनी सात बहनों के इकलौते भाई थे और पांच महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी.
नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के रोमांच के बीच खेल जगत से एक बेहद दुखद खबर आई है. फिलिस्तीन के एक मशहूर फुटबॉलर सलीम खादर अल-अश्कर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. इस खबर के सामने आने के बाद दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों में शोक की लहर है. फिलिस्तीन फुटबॉल एसोसिएशन PFA ने इस दर्दनाक घटना की पुष्टि की है. सलीम खादर 'खान यूनिस सर्विसेज क्लब' के लिए बतौर गोलकीपर खेलते थे.
5 महीने पहले ही हुई थी शादी
महज 32 साल के सलीम की जान इजराइल डिफेंस फोर्स IDF की गोलीबारी में गई है. उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी एक और भावुक बात यह है कि सिर्फ पांच महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी. उनकी पत्नी गर्भवती हैं, जिसका मतलब है कि अपने पहले बच्चे का चेहरा देखने से पहले ही सलीम इस दुनिया से चले गए. फुटबॉल एसोसिएशन के मुताबिक, सलीम अपनी सात बहनों के इकलौते भाई थे, जिससे उनके पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
फिलिस्तीन की टीम और वर्ल्ड कप का सफर
आपको बता दें कि फिलिस्तीन की फुटबॉल टीम इस बार के फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी. वे एशियाई क्वालीफायर के दौर से आगे नहीं बढ़ सके, जिसकी वजह से इस बड़े टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बन पाए. इस साल का वर्ल्ड कप कई मायनों में खास है क्योंकि इसमें पहली बार 32 की जगह रिकॉर्ड 48 टीमों ने हिस्सा लिया है.
Also Read
युद्ध की वजह से खेलों को भारी नुकसान
इजराइल और हमास के बीच चल रहे इस लंबे संघर्ष ने फिलिस्तीन के खेल जगत को पूरी तरह तबाह कर दिया है. आंकड़ों के मुताबिक, इस युद्ध में अब तक फिलिस्तीन के 1009 एथलीटों की जान जा चुकी है. सबसे ज्यादा नुकसान फुटबॉल को हुआ है, क्योंकि जान गंवाने वाले एथलीटों में से 567 लोग सिर्फ फुटबॉल खेल से जुड़े खिलाड़ी, कोच या रेफरी थे.