FIFA World Cup 2026: 68 साल बाद विश्व कप में बना अनोखा रिकॉर्ड, ईरान-न्यूजीलैंड मुकाबले ने रचा इतिहास
फीफा विश्व कप 2026 में ईरान की शुरुआत उम्मीदों के अनुरूप नहीं रही. न्यूजीलैंड जैसी अपेक्षाकृत कमजोर मानी जाने वाली टीम के खिलाफ ईरानी खिलाड़ियों को संघर्ष करना पड़ा और अंत में मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ.
नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 में सोमवार का दिन फुटबॉल इतिहास के सबसे दिलचस्प दिनों में से एक बन गया. लॉस एंजिलिस में खेले गए ग्रुप-जी के मुकाबले में ईरान और न्यूजीलैंड ने 2-2 से रोमांचक ड्रॉ खेला. इस परिणाम के साथ विश्व कप में 68 साल पुराना एक दुर्लभ रिकॉर्ड टूट गया. वर्ष 1958 के बाद पहली बार ऐसा देखने को मिला जब एक ही दिन खेले गए सभी मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए.
दिन की शुरुआत ग्रुप-एच के मुकाबले से हुई, जहां स्पेन और केप वर्डे की टीमें गोलरहित ड्रॉ पर रहीं. इसके बाद बेल्जियम और मिस्र ने 1-1 से अंक साझा किए, जबकि उरुग्वे और सऊदी अरब के बीच भी मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ. दिन के अंतिम मैच में ईरान और न्यूजीलैंड ने 2-2 से ड्रॉ खेलकर इस अनोखे रिकॉर्ड को पूरा कर दिया.
न्यूजीलैंड ने किया शानदार आगाज
मुकाबले की शुरुआत से ही न्यूजीलैंड आत्मविश्वास से भरी नजर आई. सातवें मिनट में कप्तान क्रिस वुड ने बेहतरीन पास देकर एलिजाह जस्ट को मौका बनाया, जिसे उन्होंने गोल में बदलकर टीम को शुरुआती बढ़त दिला दी. इस गोल के बाद न्यूजीलैंड ने लगातार आक्रामक खेल दिखाया और ईरान के डिफेंस को दबाव में रखा.
Also Read
- Spain vs Cabo Verde: स्पेन को रोककर केप वर्दे ने रचा इतिहास, डेब्यू मैच में यूरोपीय चैंपियन से छीना अहम अंक
- 'ओए क्या बोला, तेरी तो...', आखिर किस बात पर श्रीलंकाई खिलाड़ियों से भिड़े वैभव सूर्यवंशी, क्या मिलेगी सजा?
- वैभव सूर्यवंशी के साथ श्रीलंकाई खिलाड़ियों की धक्का-मुक्की, 15 साल के लड़के को आया गुस्सा, देखें VIDEO
ईरान ने दिखाई वापसी की ताकत
शुरुआती झटके के बाद ईरानी खिलाड़ियों ने तेज आक्रमण किया. लगातार ट्राई करने के बाद उन्हें 32वें मिनट में उसका फल मिला, जब रामिन रेजाइयान ने नजदीक से गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. इस गोल ने मैच में नई ऊर्जा भर दी और ईरान ने खेल पर पकड़ मजबूत करने की कोशिश की.
दूसरे हाफ में बढ़ा रोमांच
ब्रेक के बाद न्यूजीलैंड ने एक बार फिर बढ़त हासिल की. 54वें मिनट में एलिजाह जस्ट ने अपना दूसरा गोल दागते हुए टीम को 2-1 से आगे कर दिया. हालांकि ईरान ने हार नहीं मानी और 64वें मिनट में मोहम्मद मोहेब्बी ने शानदार हेडर लगाकर स्कोर 2-2 कर दिया. इसके बाद दोनों टीमों ने जीत के लिए कई प्रयास किए, लेकिन कोई भी निर्णायक गोल नहीं कर सकी.
ग्रुप-जी में मुकाबला हुआ और रोचक
इस ड्रॉ के बाद ग्रुप-जी की स्थिति बेहद दिलचस्प हो गई है. बेल्जियम, मिस्र, ईरान और न्यूजीलैंड चारों टीमों के खाते में एक-एक अंक हैं. ऐसे में आगामी मुकाबले यह तय करेंगे कि नॉकआउट स्टेज की रेस में कौन सी टीम बढ़त बनाने में सफल रहती है. सोमवार का दिन विश्व कप इतिहास में रिकॉर्ड और रोमांच दोनों के लिए लंबे समय तक याद रखा जाएगा.