FIFA World Cup Final: अर्जेंटीना और स्पेन के बीच विश्व विजेता बनने की जंग, जानें कब और कहां देखें फीफा फाइनल
फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा. मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरा खिताब जीतना चाहेगी, जबकि स्पेन दमदार प्रदर्शन के दम पर विश्व चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेगी.
फैंस के जिस घड़ी का इंतजार था आखिरकार वह आ गई है. सोमवार, 20 जुलाई को फीफा वर्ल्ड कप 2026 को अपना चैंपियन मिल जाएगा. न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में रात 12:30 बजे अर्जेंटीना और स्पेन खिताब के लिए आमने सामने होंगे. दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया है.
एक ओर लियोनेल मेस्सी अपनी टीम को लगातार दूसरा विश्व कप दिलाने की कोशिश करेंगे, वहीं युवा स्टार लामिन यामल की मौजूदगी में स्पेन विश्व फुटबॉल के शिखर पर लौटने का सपना पूरा करना चाहेगा. ये मैच फैंस के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है. तो ऐसे में फैंस का जानना जरूरी है कि वह कब और कहां पर मैच का लाइव प्रसारण देख सकते हैं.
मेस्सी के सामने इतिहास रचने का मौका
स्पेन के खिलाफ इस फाइनल मुकाबले में लियोनल मेस्सी की टीम के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है. अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने के बेहद करीब है. अगर टीम फाइनल जीतती है तो वह कई दशक बाद लगातार दो विश्व कप जीतने वाली पहली पुरुष टीम बन जाएगी. मेस्सी पूरे टूर्नामेंट में शानदार लय में रहे हैं और सात मैचों में आठ गोल कर उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है. उनकी मौजूदगी अर्जेंटीना की सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है.
Also Read
भारत में कब और कहां देखें मुकाबला
भारत में यह फाइनल भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे शुरू होगा. मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग Zee5 पर उपलब्ध रहेगी. वहीं इसका सीधा प्रसारण Unite8 Sports 1, Unite8 Sports 1 HD, Unite8 Sports 2, Unite8 Sports 2 HD और दूरदर्शन पर देखा जा सकेगा. फुटबॉल प्रेमियों को इस महामुकाबले में रोमांचक टक्कर की उम्मीद है.
स्पेन का मजबूत अभियान
अर्जेंटीनाके लिए ये मैच जीतना इतना आसान नहीं होगा क्योंकि स्पेन भी पूरे टूर्नामेंट काफी शानदार लय में नजर आई है. टीम ने मजबूत रक्षात्मक प्रदर्शन के साथ केवल एक गोल खाया है. नॉकआउट स्टेज में पुर्तगाल, बेल्जियम और फ्रांस जैसी मजबूत टीमों को हराकर उसने अपनी दावेदारी साबित की है. मिकेल ओयार्जाबल और लामिन यामल ने टीम के आक्रमण को नई धार दी है.