ट्रॉफी के साथ अब उंगलियों में सजेगी जीत की निशानी! FIFA World Cup 2026 के चैंपियन को मिलेगा NBA जैसा तोहफा
FIFA World Cup 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना और स्पेन आमने-सामने होंगे. इस बार पहली बार ट्रॉफी के साथ विजेता खिलाड़ियों को खास चैंपियनशिप रिंग्स भी दी जाएंगी.
FIFA World Cup 2026 का फाइनल रविवार को अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा. इस मुकाबले के साथ फुटबॉल इतिहास में एक नई शुरुआत भी होने जा रही है. पहली बार वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को ट्रॉफी के साथ खास चैंपियनशिप रिंग्स देकर सम्मानित किया जाएगा.
पहली बार विजेता टीम को मिलेंगी खास रिंग्स
FIFA World Cup के करीब 96 साल के इतिहास में पहली बार चैंपियन टीम को ट्रॉफी के साथ खास FIFA World Cup Championship Rings भी दी जाएंगी. यह रिंग जीत की नई पहचान होगी. फाइनल मुकाबला न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा. मुकाबला खत्म होने के बाद मैदान पर ही जीतने वाली टीम के कप्तान और मुख्य कोच को अस्थायी चैंपियनशिप रिंग दी जाएगी. बाद में सभी विजेता खिलाड़ियों के लिए उनकी पसंद और साइज के अनुसार अलग-अलग रिंग तैयार कर आधिकारिक तौर पर सौंपी जाएंगी. फीफा का मानना है कि यह रिंग खिलाड़ियों के लिए जीवनभर याद रहने वाली उपलब्धि का प्रतीक बनेगी.
फैंस भी खरीद सकेंगे लिमिटेड एडिशन रिंग्स
फीफा ने कुल 2,026 चैंपियनशिप रिंग्स तैयार करने का फैसला किया है. इनमें से 30 रिंग्स केवल वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए होंगी. बाकी 1,996 रिंग्स दुनिया भर के फुटबॉल फैंस के लिए लिमिटेड एडिशन कलेक्शन के रूप में उपलब्ध कराई जाएंगी. रिंग के एक तरफ फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी की डिजाइन होगी, जबकि दूसरी तरफ जीतने वाले देश से जुड़ा खास निशान बनाया जाएगा. फीफा का कहना है कि इससे फैंस भी इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट की याद अपने साथ रख सकेंगे और यह कलेक्शन भविष्य में खास महत्व रखेगा.
Also Read
नए इतिहास पर अर्जेंटीना और स्पेन की नजर
फाइनल मुकाबले में लियोनेल मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार और कुल चौथी बार वर्ल्ड कप जीतने की कोशिश करेगी. टीम इससे पहले 1978, 1986 और 2022 में चैंपियन रह चुकी है. दूसरी ओर स्पेन 2010 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगा. दोनों टीमें शानदार फॉर्म में फाइनल तक पहुंची हैं और मुकाबले को लेकर दुनियाभर के फुटबॉल फैंस में जबरदस्त उत्साह है.