ट्रॉफी की इमोजी से असली ट्रॉफी तक... सेमीफाइनल के बाद अब सूर्यवंशी की दलीप ट्रॉफी के खिताब पर नजर

वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में 92 और 40 रन की आक्रामक पारियां खेलकर ईस्ट जोन को फाइनल में पहुंचाने में अहम योगदान दिया. अब चेपॉक में खिताब पर नजर है.

Instagram (vaibhav_sooryavanshi09)
Meenu Singh

ईस्ट जोन ने गत चैंपियन सेंट्रल जोन को चार विकेट से हराकर दलीप ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है. इस जीत में वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं. उन्होंने पहली पारी में 81 गेंदों पर 92 और दूसरी पारी में 43 गेंदों पर 40 रन बनाए. फाइनल का टिकट मिलने के बाद वैभव ने सोशल मीडिया पर ट्रॉफी की इमोजी भी शेयर की, जिसके बाद वैभव के ट्रॉफी की तलब का अंदाजा लगाया जा सकता है. अब 6 सितंबर को चेपॉक में खिताबी मुकाबला होगा.

सेमीफाइनल में वैभव ने बदला मैच का रंग

वैभव ने दोनों पारियों में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का नमूना पेश किया. पहली पारी में वह शतक से महज आठ रन दूर रह गए. दूसरी पारी में भी उन्होंने पहले कुछ समय संभलकर बल्लेबाजी की और फिर अचानक रफ्तार बढ़ा दी. यश ठाकुर के एक ओवर में वैभव ने लगातार चार, छक्का, चार और चार लगाए. हालांकि अगली गेंद पर रजत पाटीदार ने उनका कैच पकड़ लिया.


लाल गेंद के सामने भी नहीं बदला अंदाज

T20 क्रिकेट में अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए पहचान बनाने वाले वैभव ने रेड-बॉल क्रिकेट में भी वही बेखौफ तेवर दिखाए. उनकी दूसरी पारी ने यह भी बताया कि जरूरत पड़ने पर वह कुछ देर टिककर खेलने के बाद तेजी से रन बनाने में सक्षम हैं. फाइनल में भी उनसे इसी अंदाज की उम्मीद रहेगी. ट्रॉफी की इमोजी शेयर करके वैभव ने संकेत दे दिया है कि अब उनकी नजर खिताब पर है.

शमी-मुकेश ने भी निभाई अहम भूमिका

ईस्ट जोन की जीत सिर्फ वैभव के बल्ले की कहानी नहीं रही. मोहम्मद शमी ने दोनों पारियों में 2/42 और 3/56 के आंकड़े दर्ज किए, जबकि मुकेश कुमार ने 3/56 और 4/44 का शानदार प्रदर्शन किया. तेज गेंदबाजों ने सेंट्रल जोन पर लगातार दबाव बनाए रखा. इसके बाद बल्लेबाजों ने लक्ष्य हासिल करके टीम को चार विकेट की जीत दिलाई और फाइनल का टिकट पक्का किया.

13 साल बाद उसी मैदान पर खिताबी मौका

ईस्ट जोन 6 सितंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में फाइनल खेलेगा. टीम के सामने साउथ जोन या नॉर्थ जोन में से कोई एक होगा. खास बात यह है कि ईस्ट जोन ने पिछली बार 2012/13 में इसी मैदान पर दलीप ट्रॉफी जीती थी. टीम 2011/12 और 2012/13 में लगातार चैंपियन बनी थी. अब तीसरे खिताब के साथ वैभव के पास बड़ा मंच है.