708 रन का पहाड़, 6 विकेट का संकट... Duleep Trophy फाइनल में साउथ जोन की हालत खराब
Duleep Trophy 2026 फाइनल में ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन बनाकर मजबूत स्थिति बनाई. जवाब में साउथ जोन ने छह विकेट खोकर 242 रन बनाए हैं.
Duleep Trophy Final: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में दलीप ट्रॉफी फाइनल का रोमांच बढ़ गया है. ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में साउथ जोन तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 242/6 तक पहुंचा लेकिन वह अभी 466 रन पीछे है.
साउथ जोन की शुरुआत रही खराब
साउथ जोन की शुरुआत बिल्कुल अच्छी नहीं रही और 10 रन पर रिकी भुईं सिर्फ एक रन बनाकर लौट गए. इसके बाद देवदत्त पड्डिकल और नारायण जगदीशन ने पारी संभाली और दूसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े. जगदीशन 32 रन बनाकर आउट हुए. पड्डिकल ने शेख रशीद के साथ 56 रन की साझेदारी की और 62 रन बनाए. रशीद 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे. टीम ने 129 रन तक चार विकेट गंवा दिए, जिससे उस पर दबाव बढ़ गया.
अकेले पड़े कप्तान तिलक
चार विकेट जल्दी गिरने के बाद कप्तान तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने स्मरण रविचंद्रन के साथ 45 रन और श्रेयस गोपाल के साथ 66 रन की साझेदारी कर टीम को 200 रन के पार पहुंचाया. तीसरे दिन स्टंप्स तक तिलक 133 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 56 रन पर नाबाद हैं. चामा मिलिंद दो रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं. ईस्ट जोन के लिए मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार ने दो-दो विकेट लिए हैं.
Also Read
ईशान के दोहरे शतक से ईस्ट जोन का विशाल स्कोर
ईस्ट जोन की बड़ी पारी की सबसे बड़ी वजह कप्तान ईशान किशन का शानदार दोहरा शतक रहा. अभिमन्यु ईश्वरन और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 100 रन जोड़े. वैभव ने 44 रन बनाए. इसके बाद ईशान ने शिखर मोहन के साथ 94, कुमार कुशाग्र के साथ 230 और अनुकूल रॉय के साथ 140 रन की साझेदारी की. ईशान ने 334 गेंदों में 30 चौकों और सात छक्कों की मदद से 270 रन बनाए. कौनेन कुरैशी ने 40 रन जोड़े.