Dhruv Jurel Century: ध्रुव जुरेल ने कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में शानदार शतक लगाया. 177 गेंदों पर 115 रन बनाने के बाद भारत ने 503/9 पर पारी घोषित की. शतक पूरा करने के बाद जुरेल ने अपने बाइसेप्स पर बना ‘जय जवान-जय किसान’ टैटू दिखाया, जिसने सबका ध्यान खींचा.
ध्रुव जुरेल ने दूसरे दिन के आखिरी सत्र में असिथा फर्नांडो की गेंद पर सिंगल लेकर अपना दूसरा टेस्ट शतक पूरा किया. शतक पूरा होते ही उन्होंने अपने बाइसेप्स पर बना ‘जय जवान-जय किसान’ टैटू दिखाया. यह सेलिब्रेशन उनके परिवार और भारतीय सेना से जुड़े रिश्ते को भी दिखाता है. जुरेल के पिता नेमचंद जुरेल ने 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना में सेवा दी थी. इसी वजह से जुरेल कई बार बल्ले को बंदूक की तरह पकड़कर सलामी देने वाला सेलिब्रेशन करते रहे हैं. इस बार उन्होंने टैटू के जरिए अपने पिता और सेना के प्रति सम्मान जाहिर किया.
HUNDRED MOMENT OF DHRUV JUREL...!!!!
- The way Siraj celebrated and supported Jurel in the partnership was special 🥹 pic.twitter.com/itmCr4Giln— Johns. (@CricCrazyJohns) August 24, 2026Also Read
ध्रुव जुरेल का क्रिकेट तक पहुंचने का सफर भी काफी खास रहा है. 21 जनवरी 2001 को आगरा में जन्मे जुरेल एक साधारण परिवार से आते हैं. जब उन्होंने क्रिकेट को गंभीरता से अपनाना शुरू किया, तब उनके परिवार के लिए किट खरीदना आसान नहीं था. उनकी मां ने बेटे के लिए पहली क्रिकेट किट खरीदने के लिए अपनी सोने की चेन तक बेच दी थी. हालांकि, समय के साथ हालात बेहतर होते गए और जुरेल ने अपनी मेहनत से पहचान बनाई. वह विकेटकीपिंग के साथ बल्लेबाजी में भी अपनी जगह मजबूत कर चुके हैं. श्रीलंका के खिलाफ इस मैच में ऋषभ पंत विकेटकीपिंग कर रहे हैं, इसलिए जुरेल को विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर मौका मिला.
जुरेल ने घरेलू क्रिकेट में भी कम उम्र में अपनी क्षमता दिखाई. रणजी ट्रॉफी 2022-23 में अपने छठे फर्स्ट-क्लास मैच में उन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए नागालैंड के खिलाफ 249 रन की बड़ी पारी खेली थी. इसके बाद 2024 में इंग्लैंड के भारत दौरे के दौरान उन्हें पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली. राजकोट में तीसरे टेस्ट से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा और डेब्यू मैच में 46 रन बनाए. इसी मुकाबले में सरफराज खान ने भी टेस्ट डेब्यू किया था. रांची टेस्ट में जुरेल ने 90 और नाबाद 39 रन की पारियां खेलीं और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था.