PCL खेल रहे डेविड वॉर्नर पर टूटी मुसीबत, पुलिस ने किया गिरफ्तार; क्या है पूरा मामला?
पीएसएल 2026 के बीच ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज डेविड वॉर्नर को सिडनी में शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. तय सीमा से दोगुना अल्कोहल मिलने के बाद उन्हें मई में कोर्ट में पेश होना होगा.
नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर अपनी बल्लेबाजी से गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले डेविड वॉर्नर आज खुद एक बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं. पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे वॉर्नर लीग के ब्रेक के दौरान अपने परिवार से मिलने ऑस्ट्रेलिया गए थे. सिडनी में बिताया गया यह समय उनके लिए कानूनी दुस्वप्न बन गया जब पुलिस ने उन्हें शराब पीकर गाड़ी चलाने के जुर्म में गिरफ्तार किया. यह खबर आते ही उनके प्रशंसकों में भारी चिंता देखी जा रही है.
जानकारी के मुताबिक सिडनी के मारौब्रा इलाके में पुलिस की रैंडम ब्रीथ टेस्टिंग यूनिट तैनात थी. 5 अप्रैल की शाम करीब साढ़े पांच बजे पुलिस ने देखा कि एक गाड़ी टेस्टिंग साइट के पास पहुंचने से पहले ही रुक गई. शक होने पर जब अधिकारियों ने जांच की तो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर डेविड वॉर्नर निकले. पुलिस ने मौके पर ही उनका ब्रीथ टेस्ट किया जो सकारात्मक पाया गया. इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया और मारौब्रा पुलिस स्टेशन की ओर रवाना हो गए.
पुलिस रिपोर्ट और अल्कोहल स्तर
पुलिस स्टेशन में वॉर्नर की विस्तृत जांच की गई, जहां चौंकाने वाले नतीजे सामने आए. दूसरे टेस्ट में उनकी रीडिंग 0.104 दर्ज की गई जो कि सिडनी में ड्राइविंग के लिए मान्य सीमा से लगभग दोगुनी है. न्यू साउथ वेल्स पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार वॉर्नर ने नियमों का गंभीर उल्लंघन किया है. हालांकि कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद उन्हें पुलिस स्टेशन से छोड़ दिया गया लेकिन उन पर ड्रिंक ड्राइविंग का गंभीर आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है जो उनकी छवि बिगाड़ सकता है.
अदालती कार्यवाही और नोटिस
ड्रिंक ड्राइविंग के इस मामले में वॉर्नर को अब कानूनी प्रक्रिया से गुजरना होगा. पुलिस ने उन्हें अगले महीने 7 मई 2026 को सिडनी के डाउनिंग सेंटर लोकल कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है. ऑस्ट्रेलिया में ट्रैफिक नियमों को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाती और वॉर्नर को भारी जुर्माना या ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होने जैसी सजा का सामना करना पड़ सकता है. फिलहाल वॉर्नर की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
डेविड वॉर्नर ने साल 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी. 100 से अधिक टेस्ट मैच खेलने वाले वॉर्नर ने ऑस्ट्रेलिया को कई ऐतिहासिक जीत दिलाई हैं. संन्यास के बाद वह विभिन्न देशों की टी20 लीग में व्यस्त रहते हैं और वर्तमान में कराची किंग्स के मुख्य खिलाड़ी और कप्तान हैं.