जानें कौन बनने वाली हैं ईशान किशन की 'दुल्हनिया', दादा भी बोले-'बहू तो यही बनेगी...'

टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज ईशान किशन और मॉडल अदिति हुंडिया के रिश्ते को परिवार ने अपनी मंजूरी दे दी है. ईशान के दादा ने शादी के संकेत देते हुए कहा कि वे पोते की खुशी में ही अपनी खुशी मानते हैं.

X/@BCCI
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के धाकड़ बल्लेबाज इन दिनों मैदान पर अपने अलग ही अंदाज में नजर आ रहे हैं. करीब दो वर्षों तक टीम इंडिया से बाहर रहने वाले ईशान किशन का बल्लेबाज वापसी के बाद से ही जमकर गरज रहा है. पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप के मैच में भी ईशान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों पर 77 रनों की धुआंधार पारी खेली.

वही इन दिनों क्रिकेट के मैदान से ज्यादा अपनी निजी जिंदगी और शादी की खबरों को लेकर भी ईशान किशन चर्चा में हैं. पिछले काफी समय से ईशान और मशहूर मॉडल अदिति हुंडिया के अफेयर की खबरें सुर्खियां बटोर रही थीं. अब इन चर्चाओं पर खुद ईशान के परिवार ने अपनी मुहर लगा दी है. बिहार के औरंगाबाद में मीडिया से बातचीत करते हुए ईशान के दादा अनुराग पांडे ने न केवल अदिति के साथ उनके रिश्ते को स्वीकार किया है, बल्कि शादी के स्पष्ट संकेत भी दिए हैं.

ईशान के दादा ने क्या कहा?

बिहार के औरंगाबाद में एक साक्षात्कार के दौरान ईशान के दादा अनुराग पांडे ने खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि ईशान की एक खास सहेली है जिसका नाम अदिति है. दादा ने बताया कि अदिति जयपुर की रहने वाली हैं और पेशे से एक सफल मॉडल हैं. परिवार अब इस रिश्ते को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इसे सामाजिक मान्यता देने की तैयारी में है. दादा के इस बयान ने उन सभी कयासों को हकीकत में बदल दिया है जो पिछले कई सालों से सोशल मीडिया पर चल रहे थे.

पोते की पसंद पर अटूट विश्वास 

ईशान के दादा ने स्पष्ट किया कि उन्हें अपने पोते की पसंद पर पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा कि ईशान जिससे भी शादी करना चाहे, परिवार उसे सहर्ष स्वीकार करने के लिए तैयार है. अनुराग पांडे के अनुसार, ईशान ने मुंबई में रहने के दौरान ही अदिति का जिक्र किया था और बताया था कि वह उनके खेल की बड़ी प्रशंसक है. परिवार का मानना है कि बच्चों की खुशी ही सर्वोपरि है. उन्होंने यह भी साझा किया कि घर के बड़े सदस्य अब इस नए रिश्ते के स्वागत के लिए उत्साहित हैं.

परिवार में पहले भी हुई पसंद की शादी 

शादी के मामले में किशन परिवार का नजरिया काफी आधुनिक और उदार रहा है. दादा ने उदाहरण देते हुए बताया कि ईशान के बड़े भाई की शादी भी उनकी अपनी पसंद से हुई थी और परिवार ने उसे खुशी-खुशी स्वीकार किया था. ठीक उसी तरह, ईशान के मामले में भी किसी को कोई आपत्ति नहीं है. परिवार के बड़े बुजुर्गों का मानना है कि जब बच्चे अपनी पसंद चुनते हैं, तो वे ज्यादा सुखी रहते हैं. अब बस औपचारिकताओं और सही समय का इंतजार किया जा रहा है.

अदिति हुंडिया: मॉडलिंग का बड़ा नाम 

अदिति हुंडिया सिर्फ ईशान की मित्र नहीं हैं, बल्कि वे खुद भी एक बड़ी हस्ती हैं. वे 'मिस डीवा 2018' का खिताब जीत चुकी हैं और 'फेमिना मिस इंडिया' की फाइनलिस्ट भी रही हैं. ग्लैमर जगत में उनकी अपनी एक अलग पहचान है. ईशान और अदिति की नजदीकियों की चर्चा 2019 के आईपीएल फाइनल के बाद शुरू हुई थी, जब उन्हें स्टैंड्स से ईशान का हौसला बढ़ाते हुए देखा गया था. तब से दोनों के प्रशंसकों को इस आधिकारिक घोषणा का बेसब्री से इंतजार था.

Aditi Hundia Social Media

वर्ल्ड कप के बाद बज सकती है शहनाई 

मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार, टी-20 वर्ल्ड कप के समापन के बाद ईशान किशन अपनी जिंदगी का यह सबसे बड़ा फैसला ले सकते हैं. हालांकि अभी तक शादी की किसी निश्चित तारीख का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन दादा के बयानों ने यह साफ कर दिया है कि जल्द ही किशन परिवार में शहनाई बजने वाली है. ईशान के करोड़ों फैंस अब उस पल का इंतजार कर रहे हैं जब यह स्टार क्रिकेटर और मशहूर मॉडल हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो जाएंगे.