FIFA World Cup 2026: रोनाल्डो की पुर्तगाल ने ड्रॉ से किया ग्रुप स्टेज का समापन, राउंड ऑफ 32 में बनाई जगह
विश्व कप के ग्रुप-के का आखिरी मुकाबला गोलरहित जरूर रहा, लेकिन रोमांच से भरपूर था. पुर्तगाल और कोलंबिया के बीच खेला गया मैच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ.
फीफा विश्व कप जैसे-जैसे रफ्तार पकड़ रहा है वैसे-वैसे टूर्नामेंट और रोमांचक होता जा रहा है. विश्व कप के ग्रुप-के का आखिरी मुकाबला गोलरहित जरूर रहा, लेकिन रोमांच से भरपूर था. पुर्तगाल और कोलंबिया के बीच खेला गया मैच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ. इस नतीजे के साथ कोलंबिया ने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर नॉकआउट चरण में प्रवेश किया, जबकि पुर्तगाल दूसरे स्थान पर रहते हुए अंतिम-32 में अपनी जगह पक्की करने में सफल रहा.
अब दोनों टीमों के सामने नई चुनौती होगी, जहां हर मुकाबला 'करो या मरो' का होगा. इस ड्रॉ के बाद कोलंबिया सात अंकों के साथ ग्रुप विजेता बना, जबकि पुर्तगाल ने पांच अंकों के साथ दूसरा स्थान पर कब्जा किया है. दोनों टीमों ने पूरे ग्रुप स्टेज में संतुलित प्रदर्शन किया और अब उनका ध्यान अगले स्टेज में बेहतर प्रदर्शन पर रहेगा.
पहले हाफ में कोलंबिया का दबदबा
मुकाबले की शुरुआत से ही कोलंबिया ने आक्रामक खेल दिखाया और पुर्तगाल के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाए रखा. हालांकि हाइड्रेशन ब्रेक के बाद पुर्तगाल ने शानदार वापसी की. ब्रूनो फर्नांडेस ने गोल करने का सुनहरा मौका बनाया, लेकिन कोलंबियाई गोलकीपर कैमिलो वर्गास ने बेहतरीन बचाव करते हुए टीम को बढ़त लेने से रोक दिया.
Also Read
- Argentina vs Jordan Live, FIFA World Cup 2026: मेसी के बिना मैदान में उतरा अर्जेंटीना, चैंपियन के सामने जॉर्डन दिखाएगी दमखम
- Argentina vs Jordan: कब और कहां देखें अर्जेंटीना-जॉर्डन का महा-मुकाबला; जानें दोनों टीमों की Playing XI
- 'बेंच से शुरुआत करेंगे मेसी...', जॉर्डन के खिलाफ मैच में लियोनेल को आराम, कोच स्कालोनी ने प्लेइंग इलेवन में किए बड़े बदलाव
दूसरे हाफ में रोमांच चरम पर
भीषण गर्मी और उमस के बीच दोनों टीमों ने तेज गति से खेल जारी रखा. कई बार गोल होने की स्थिति बनी, लेकिन दोनों टीमों के डिफेंस और गोलकीपर्स ने शानदार प्रदर्शन किया. मैच के अंतिम पलों में डेविडसन सांचेज़ ने गेंद को नेट में पहुंचाया, लेकिन वीडियो समीक्षा में वह बेहद मामूली अंतर से ऑफसाइड पाए गए, जिसके चलते गोल रद्द कर दिया गया.
अब रोनाल्डो और मोड्रिक होंगे आमने-सामने
पुर्तगाल अब राउंड ऑफ 32 में क्रोएशिया से भिड़ेगा. इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लुका मोड्रिक की टक्कर होगी. दोनों दिग्गज खिलाड़ी लंबे समय तक रियल मैड्रिड के लिए साथ खेल चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह उनका आखिरी आमना-सामना माना जा रहा है. फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह मुकाबला बेहद खास रहने वाला है.
कोलंबिया की नजर क्वार्टर फाइनल पर
ग्रुप विजेता बनने के बाद कोलंबिया का अगला मुकाबला घाना से होगा. घाना ने ग्रुप चरण में मजबूत प्रदर्शन करते हुए नॉकआउट में जगह बनाई है, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए कोलंबिया आत्मविश्वास से भरा नजर आ रहा है. टीम चाहेगी कि इसी लय को बरकरार रखते हुए वह टूर्नामेंट में और आगे तक अपना सफर जारी रखे.