Budget 2026

कौन हैं राजस्थान का युवा खिलाड़ी कार्तिक शर्मा? जिसपर धोनी की CSK ने की पैसों की बारिश; सिक्स हीटिंग स्किल से बना डाली बड़ी पहचान

चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को 14.20 करोड़ रूपए में खरीदा है. कार्तिक का बेस प्राइज 30 लाख रूपए था.

Anuj

स्पोर्ट्स: IPL 2026 का मिनी ऑक्शन अबू धाबी के एतिहाद एरिना में जारी है, जहां खिलाड़ियों पर बोली लगाने की प्रक्रिया चल रही है. चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को 14.20 करोड़ रूपए में खरीदा है. कार्तिक का बेस प्राइज 30 लाख रूपए था.

अनकैप्ड खिलाड़ियों पर पैसों की बारिश

आईपीएल 2026 के लिए जारी ऑक्शन में भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों ने खूब ध्यान आकर्षित किया है. फ्रेजाइजियों ने अनकैप्ड खिलाड़ियों पर जमकर पैसा लुटाया है. इस बार राजस्थान के 19 साल के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा.

CSK ने 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने कार्तिक शर्मा को अपनी टीम में शामिल करने के लिए भारी रकम खर्च की है. कार्तिक का करियर अभी लंबा नहीं है, लेकिन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और छक्कों के लिए वह पहले ही चर्चित हो चुके हैं. उन्होंने अपने बेस प्राइस 30 लाख रुपये में नाम रजिस्टर कराया था, लेकिन CSK ने इस युवा खिलाड़ी को 14.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है.

कई फ्रेंचाइजियों ने दिलचस्पी दिखाई

कार्तिक शर्मा के लिए ऑक्शन में कई फ्रेंचाइजियों ने दिलचस्पी दिखाई. सबसे पहले मुंबई इंडियंस ने उन्हें खरीदने का प्रयास किया, इसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी बोली में हिस्सा लिया. इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने बोली बढ़ाई. उसके बाद CSK और सनराइजर्स हैदराबाद ने भी इस दौड़ में एंट्री ली. अंत में CSK और हैदराबाद के बीच कड़ी टक्कर हुई, जिसमें CSK ने बाजी मारते हुए कार्तिक को अपनी टीम में शामिल कर लिया.

भरतपुर जिले से ताल्लुक रखते हैं कार्तिक शर्मा

कार्तिक का जन्म और पालन-पोषण राजस्थान के भरतपुर जिले में हुआ. कम उम्र से ही उन्होंने क्रिकेट को अपना लक्ष्य बनाया और घरेलू क्रिकेट में टीम का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट खेलकर अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा कार्तिक ने उदयपुर लेकसिटी वॉरियर्स के लिए क्रिकेट खेला.

निडर बल्लेबाजी है खासियत

कार्तिक शर्मा की सबसे बड़ी खासियत उनकी निडर बल्लेबाजी और लंबे-लंबे छक्के मारने की क्षमता है. वह लोअर ऑर्डर में उतरकर मैच का रुख पलट सकते हैं. अब तक खेले गए 12 टी-20 मैचों में उन्होंने 334 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 30.36 और स्ट्राइक रेट 162.92 का रहा है. उनके बल्ले से 28 छक्के और 16 चौके निकले हैं, जो उनकी आक्रामक सोच और क्लीन हिटिंग का सबूत हैं.

डेथ ओवर्स में तेज रन बनाने में माहिर

कार्तिक खासकर डेथ ओवर्स में तेज रन बनाने में माहिर हैं. वह दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और लंबे शॉट खेलने में निपुण हैं. उन्हें फिनिशर की भूमिका निभाने में भी अनुभव है. CSK ने उन्हें अपनी टीम में शामिल करके न केवल अगले सीजन के लिए अपनी स्क्वाड मजबूत की है, बल्कि यह भी दिखाया कि टीम युवा और आक्रामक बल्लेबाजों में भरोसा करती है. कार्तिक शर्मा की प्रतिभा और आक्रामक बल्लेबाजी ने आईपीएल 2026 के ऑक्शन में सभी का ध्यान खींचा और भविष्य में वह बड़े स्टार खिलाड़ियों में शामिल होने की पूरी क्षमता रखते हैं.