Champions Trophy 2025: कप्तान पैट कमिंस के बाद ऑस्ट्रेलिया का एक और खिलाड़ी चोटिल, टूर्नामेंट से हुआ बाहर
Champions Trophy 2025: ऑस्ट्रेलिया की टीम को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले एक और बड़ा झटका लगा है. कप्तान पैट कमिंस के बाद अब स्टार ऑलराउंडर मिशेल मार्श भी चोट के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. मार्श की पीठ की पुरानी समस्या एक बार फिर उभर आई है.
Champions Trophy 2025: ऑस्ट्रेलिया की टीम को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले एक और बड़ा झटका लगा है. कप्तान पैट कमिंस के बाद अब स्टार ऑलराउंडर मिशेल मार्श भी चोट के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. मार्श की पीठ की पुरानी समस्या एक बार फिर उभर आई है, जिससे उनकी वापसी इस सीजन में संभव नहीं लग रही है. इससे न सिर्फ उनकी चैंपियंस ट्रॉफी में भागीदारी खत्म हो गई है, बल्कि उनके इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलने पर भी संदेह पैदा हो गया है.
पिछले कुछ समय से चोट से जूझ रहे हैं मिशेल मार्श
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान मिशेल मार्श का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था. उन्होंने सात पारियों में केवल 73 रन बनाए और गेंदबाजी में भी सीमित भूमिका निभाई. खराब फॉर्म के कारण उन्हें भारत के खिलाफ सिडनी टेस्ट में ब्यू वेबस्टर के लिए अपनी जगह गंवानी पड़ी.
टेस्ट सीरीज के बाद मार्श ने 7 जनवरी को बिग बैश लीग (BBL) का एक मैच खेला, लेकिन इसके बाद उन्होंने तीन मैचों से ब्रेक ले लिया ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी कर सकें. हालांकि, अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने पुष्टि की है कि उनकी पीठ की समस्या गंभीर हो गई है, जिसके चलते उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है.
Also Read
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दी पुष्टि
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बयान के मुताबिक, "मिशेल मार्श को पीठ में लगातार दर्द और अस्वस्थता के कारण ICC चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर कर दिया गया है. राष्ट्रीय चयन समिति और मेडिकल टीम ने यह फैसला किया कि मार्श को लंबी अवधि के लिए आराम और रिहैबिलिटेशन की जरूरत है. उनका दर्द हाल ही में बढ़ गया था, जिसके कारण चयनकर्ताओं को उनके प्रतिस्थापन के बारे में निर्णय लेना पड़ा."
मार्श के रिप्लेसमेंट को लेकर चर्चा जारी
मिशेल मार्श के बाहर होने के बाद अब ऑस्ट्रेलिया को उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करना होगा. संभावित रिप्लेसमेंट के रूप में युवा बल्लेबाज जैक फ्रेजर-मैकगर्क का नाम सामने आ रहा है. हालांकि, उनका हालिया फॉर्म उतना अच्छा नहीं रहा है. उन्होंने 22 पारियों में सिर्फ दो बार 50 रन का आंकड़ा पार किया है, लेकिन उनकी आक्रामक बल्लेबाजी उन्हें मार्श के समान विकल्प बना सकती है.
इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया किसी अन्य ऑलराउंडर को भी टीम में शामिल कर सकता है. पिछले साल वनडे डेब्यू करने वाले विल सदरलैंड एक विकल्प हो सकते थे, लेकिन वह भी पीठ की चोट के कारण टीम में नहीं हैं. स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर कूपर कॉनॉली भी एक संभावित विकल्प हैं, हालांकि उनके चयन पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है.