बुमराह हमेशा डराने वाले...अपने बर्थडे पर शुभमन गिल ने किए बड़े खुलासे
गिल ने स्टार स्पोर्ट्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा कि मेरी जर्सी का नंबर 77 है और इसे लेने का कारण यह था कि जब मैं अंडर-19 विश्व कप खेल रहा था तो नंबर सात चाहता था, लेकिन यह उपलब्ध नहीं था, इसलिए मैंने दो सात नंबर लिए.
Shubman Gill: भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अपनी जर्सी नंबर के पीछे की कहानी अपने क्रिकेट आदर्श और मैदान पर होने वाली लड़ाई के बारे में खुलासा किया. शुभमन गिल सोमवार को 26 साल के हो गए. अपने इस सफर में वे लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं जो पहले ही कुछ यादगार पलों से भरा हुआ है.
भारतीय बल्लेबाजी क्रम में गिल की एक मजबूत स्थिति बनी हुई है लेकिन एक सवाल जो हमेशा से गिल से जुड़ा रहा है, वह है उनकी पीठ पर लिखा जर्सी नंबर. गिल ने बताया कि कैसे 77 उनकी शुरुआती पसंद नहीं थी, बल्कि यह उनकी पसंद का नंबर था जो उन्हें नहीं मिल रहा था.
गिल ने स्टार स्पोर्ट्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा कि मेरी जर्सी का नंबर 77 है और इसे लेने का कारण यह था कि जब मैं अंडर-19 विश्व कप खेल रहा था तो नंबर सात चाहता था, लेकिन यह उपलब्ध नहीं था, इसलिए मैंने दो सात नंबर लिए.
सचिन तेंदुलकर मेरे आदर्श
गिल ने बताया कि बचपन में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर उनके आदर्श थे. वहीं 'चेज़ मास्टर' विराट कोहली अब उनके पसंदीदा खिलाड़ी बन गए हैं. गिल ने टीम में अपने सबसे अच्छे दोस्त ईशान किशन का नाम भी बताया. बचपन में मेरे आदर्श सचिन सर थे. मेरे वर्तमान पसंदीदा क्रिकेटर विराट कोहली हैं. टीम में मेरे सबसे अच्छे दोस्त ईशान किशन हैं.
जसप्रीत बुमराह को खेलना सबसे ज्यादा चुनौती
भारत के सबसे युवा टेस्ट कप्तान ने आधुनिक समय के महान खिलाड़ियों और उभरती युवा पीढ़ी के खिलाफ रोमांचक मुकाबले खेले हैं. लेकिन उन्हें सबसे ज़्यादा मजा भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के खिलाफ आता है. उनका सबसे हालिया मुकाबला एशिया कप से पहले नेट्स पर भारत के अभ्यास सत्र के दौरान हुआ था.
उन्होंने कहा, एक लड़ाई जिसका मैं सबसे ज़्यादा आनंद लेता हूं, वह है नेट्स में बुमराह का सामना करना. वह हमेशा आप पर नजर रखते हैं और आपको एक इंच भी मौका नहीं देते. वह हमेशा आपको डराना चाहते हैं, आपको दिखाना चाहते हैं कि वह सर्वश्रेष्ठ हैं.
उन्होंने अपने साथ जुड़े उपनाम और अपने जीवन में अपने परिवार के महत्व को भी साझा किया और कहा, "मेरा उपनाम काका है जिसका पंजाबी में अर्थ बच्चा होता है. मैच जीतने के बाद मैं सबसे पहले अपने पिता को फोन करता हूं. एक चीज जिसके बिना मैं नहीं रह सकता वह है मेरा परिवार.
टी20 में गिल की वापसी
गिल ने 37 टेस्ट मैचों में 41.35 की औसत से 2,647 रन बनाए हैं. 55 वनडे मैचों में, 26 वर्षीय गिल ने 59.04 की प्रभावशाली औसत से 2,775 रन बनाए हैं. 21 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में, गिल ने 30.42 की औसत से 578 रन बनाए हैं. वह मंगलवार को मैदान पर वापसी करेंगे और एशिया कप में टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे.