बेन स्टोक्स के करियर पर मंडरा रहा खतरा! विवाद के बाद कप्तानी छोड़ने या संन्यास लेने पर कर रहे विचार

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद हुई विवादित घटना ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स के भविष्य को लेकर नई बहस छेड़ दी है. ईसीबी की जांच और संभावित अनुशासनात्मक कार्रवाई के बीच स्टोक्स के कप्तानी छोड़ने की खबरें आ रही हैं.

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: इंग्लैंड क्रिकेट में इस समय सबसे बड़ी चर्चा बेन स्टोक्स को लेकर हो रही है. मैदान पर टीम का नेतृत्व करने वाले स्टोक्स अब अपने करियर के सबसे अहम मोड़ पर खड़े नजर आ रहे हैं. एक विवादित घटना के बाद न केवल उनकी कप्तानी बल्कि उनके अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं. क्रिकेट जगत की निगाहें अब उस फैसले पर टिकी हैं, जो आने वाले दिनों में इंग्लैंड क्रिकेट की दिशा बदल सकता है.

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के बाद हुई एक घटना के चलते इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और क्रिकेट नियामकों ने जांच शुरू कर दी है. इसी बीच स्टोक्स अपने सलाहकारों और करीबी लोगों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर विचार करने वाले हैं. माना जा रहा है कि इस चर्चा में उनके करियर, कप्तानी और संभावित भविष्य को लेकर अहम निर्णय लिए जा सकते हैं.

ECB के सामने सख्त फैसला

बेन स्टोक्स के नाइटक्लब के बाहर हुए विवाद की ECB गंभीरता से जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद स्टोक्स और एटकिंसन पर जुर्माना, निलंबन या आगामी मैचों से बाहर किए जाने जैसी कार्यवाही हो सकती है. इंग्लैंड का अगला टेस्ट जल्द शुरू होने वाला है, इसलिए बोर्ड पर भी जल्द निर्णय लेने का दबाव है.


कप्तानी पर भी उठे सवाल

घटना के बाद स्टोक्स की कप्तानी को लेकर भी बहस शुरू हो गई है. बताया जा रहा है कि ईसीबी के सीनियर ऑफिसर ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विशेष बैठक भी की. कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि स्टोक्स अपने अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर गंभीर विचार कर रहे हैं.

संन्यास या कप्तानी छोड़ने का विकल्प

स्टोक्स के सामने कई रास्ते खुले हुए हैं. वह या तो कप्तानी छोड़कर खिलाड़ी के रूप में करियर जारी रख सकते हैं या फिर वह अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर को यहीं पर समाप्त कर सकते हैं. हालांकि जानकारी के मुताबिक, उन्होंने तत्काल संन्यास के विचार से कुछ हद तक पीछे हटने के संकेत दिए हैं.