पूर्व कप्तान से सम्मान से पेश आएं... पाकिस्तान जेल में इमरान खान की हालत पर पैट कमिंस ने उठाई आवाज

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ग्रेग चैपल की मेडिकल देखभाल, परिवार से मुलाकात और सम्मानजनक व्यवहार की मांग का समर्थन किया.

X
Ashutosh Rai

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और कप्तान इमरान खान की जेल में सेहत को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है. ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने ग्रेग चैपल की अपील का समर्थन किया है. चैपल ने खान की मेडिकल जांच और परिवार से मिलने की सुविधा की मांग की थी. इस मुद्दे ने क्रिकेट जगत में चर्चा बढ़ा दी है.

इमरान खान की सेहत पर ग्रेग चैपल ने जताई चिंता

73 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं और पिछले कुछ समय से उनकी सेहत को लेकर सवाल उठ रहे हैं. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ग्रेग चैपल ने खास तौर पर उनके लंबे समय तक अकेले रखे जाने और कथित तौर पर आंखों की रोशनी से जुड़ी परेशानी पर चिंता जताई है. ‘द ग्रेड क्रिकेटर’ पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान चैपल ने कहा कि इतने लंबे समय तक अकेले रहना किसी भी व्यक्ति के लिए आसान नहीं हो सकता. उन्होंने खान की मानसिक और शारीरिक हालत पर भी चिंता जाहिर की. चैपल ने छह साल पहले पाकिस्तान में हुई अपनी मुलाकात को याद करते हुए कहा कि उस समय खान मजबूत और फिट नजर आते थे लेकिन अब उनकी स्थिति वैसी नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि खान को सही इलाज, पढ़ने की सुविधा और बेहतर रहने की स्थिति मिलनी चाहिए. चैपल के मुताबिक, लगातार खराब मानसिक स्थिति का असर शरीर पर भी पड़ सकता है.

पैट कमिंस ने किया चैपल की अपील का समर्थन

इमरान खान के मामले में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस का बयान ऐसे समय आया है जब उनकी सेहत को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है. कमिंस ने चैपल की उस मांग का समर्थन किया जिसमें पाकिस्तान के पूर्व कप्तान को जरूरी मेडिकल देखभाल और अपने परिवार से मिलने की सुविधा देने की बात कही गई है. कमिंस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के साथ सम्मान से पेश आना जरूरी है, खासकर तब जब उसकी सेहत को लेकर गंभीर चिंता सामने आ रही हो. खान लंबे समय तक पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान रहे और 1992 में उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप जीता था. क्रिकेट की दुनिया में उनकी पहचान एक बड़े खिलाड़ी और कप्तान के तौर पर रही है. यही वजह है कि उनकी मौजूदा स्थिति पर कई पूर्व क्रिकेटरों की नजर बनी हुई है. चैपल समेत कुछ पूर्व कप्तानों ने उनकी स्थिति की स्वतंत्र जांच की जरूरत बताई है.


लॉर्ड्स टेस्ट में इमरान के बेटों के इंटरव्यू से बढ़ा विवाद

इमरान खान की सेहत का मुद्दा लॉर्ड्स में खेले जा रहे इंग्लैंड-पाकिस्तान टेस्ट मैच के दौरान भी चर्चा में रहा. टेस्ट के पहले दिन स्काई स्पोर्ट्स ने खान के बेटों कासिम और सुलेमान का इंटरव्यू प्रसारित किया, जिसमें दोनों ने अपने पिता की सेहत को लेकर चिंता जाहिर की. इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस प्रसारण को लेकर स्काई स्पोर्ट्स से औपचारिक शिकायत की. रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया कि इंटरव्यू को लेकर PCB की ओर से कड़ा रुख अपनाया गया था और पाकिस्तान टीम के मैदान पर वापस नहीं आने की बात सामने आई थी. हालांकि, पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने बाद में मैच में खेलना जारी रखा. इस पूरे विवाद पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने भी प्रतिक्रिया दी और PCB की शिकायत पर हैरानी जताई. इस घटनाक्रम ने एक बार फिर इमरान खान की जेल में स्थिति को लेकर बहस तेज कर दी है.