Commonwealth Games 2026

Asia Cup 2025: 'अंपायर के सिर पर मारी गेंद, छोड़ना पड़ा मैदान', लाइव मैच में पाकिस्तानी खिलाड़ी की वजह से हुआ हादसा

Asia Cup 2025: पाकिस्तान और यूएई का मैच दुबई में खेला गया और इस मुकाबले में पाकिस्तान ने जीत हासिल की. हालांकि, मुकाबले के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ी ने अंपायर को गेंद मार दी, जिसकी वजह से उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 का 10वां मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान और यूएई के बीच खेला गया. इस रोमांचक मैच में पाकिस्तान ने शानदार जीत हासिल कर सुपर-4 में अपनी जगह पक्की की, जबकि यूएई टूर्नामेंट से बाहर हो गई. लेकिन इस मुकाबले में एक घटना ने सभी का ध्यान खींचा, जब एक पाकिस्तानी खिलाड़ी की गलती से अंपायर के सिर पर गेंद लग गई, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा.

मैच के छठे ओवर में जब पाकिस्तान के गेंदबाज सैम अयूब गेंदबाजी कर रहे थे, तब यूएई के बल्लेबाज ध्रुव पराशर ने मिडविकेट की ओर शॉट खेला. इस शॉट पर कोई रन नहीं बना लेकिन गेंद को रोकने के बाद पाकिस्तानी विकेटकीपर मोहम्मद हैरिस ने गेंद सैम अयूब की ओर फेंकी. हालांकि, यह गेंद सीधे अंपायर के सिर पर जा लगी. यह घटना अनजाने में हुई क्योंकि गेंद फेंकते समय अंपायर का ध्यान गेंद की ओर नहीं था.

अंपायर को मैदान से जाना पड़ा

गेंद लगने के बाद सभी खिलाड़ी तुरंत अंपायर के पास पहुंचे और उनकी स्थिति का जायजा लिया. मैदान पर फिजियोथेरेपिस्ट को बुलाया गया, जिन्होंने अंपायर की जांच की. हालांकि, चोट गंभीर नहीं थी लेकिन दर्द के कारण अंपायर को मैदान से बाहर जाना पड़ा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.


पाकिस्तान की शानदार जीत

मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 146 रनों का स्कोर खड़ा किया. फखर जमां ने शानदार अर्धशतक (50 रन) बनाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. जवाब में यूएई की टीम 17.4 ओवर में मात्र 105 रनों पर सिमट गई. पाकिस्तान ने इस मुकाबले को 41 रनों से जीत लिया. 

सुपर-4 में भारत-पाकिस्तान मुकाबला

पाकिस्तान और भारत के बीच होने वाला सुपर-4 का मैच क्रिकेट फैंस के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है. दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में पहले भी भिड़ चुकी हैं, जहां भारत ने बाजी मारी थी. अब देखना होगा कि क्या पाकिस्तान इस बार भारत को चुनौती दे पाएगा या नहीं. भारत और पाकिस्तान का अगला मुकाबला 21 सितंबर को दुबई में ही खेला जाना है.