IPL 2026: अर्शदीप सिंह के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, सिराज-हार्दिक के अनचाहे क्लब में शामिल
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के हाथ एक शर्मनाक रिकॉर्ड लगा है. उन्होंने एक ओवर में...
GT VS PBKS: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के लिए आईपीएल 2026 का आगाज किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. पंजाब किंग्स के इस प्रमुख तेज गेंदबाज ने मंगलवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक ऐसा अवांछित रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसे कोई भी गेंदबाज कभी याद नहीं रखना चाहेगा. महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में अर्शदीप ने एक ही ओवर में 11 गेंदें फेंक डालीं.
आखिरी ओवर में पूरी तरह खोया नियंत्रण
गुजरात की पारी का 20वां और आखिरी फेंकने की जिम्मेदारी अर्शदीप सिंह को दी गई थी, लेकिन दबाव में वह अपनी लाइन और लेंथ से पूरी तरह भटक गए. अपने इस ओवर की 6 वैध गेंदें पूरी करने के लिए उन्हें 4 वाइड और 1 नो-बॉल फेंकनी पड़ी, जिसके चलते यह 11 गेंदों का ओवर बन गया। कुल मिलाकर इस मैच में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा. उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवरों में बिना कोई सफलता हासिल किए 42 रन लुटा दिए.
सिराज, हार्दिक और शार्दुल की लिस्ट में हुई एंट्री
आईपीएल के इतिहास में 11 गेंदों का लंबा ओवर फेंकने वाले अर्शदीप पहले गेंदबाज नहीं हैं. उनसे पहले 5 और दिग्गज गेंदबाज यह अनचाहा कारनामा कर चुके हैं. इस शर्मनाक लिस्ट की शुरुआत मोहम्मद सिराज ने आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलते हुए की थी. इसके अलावा चेन्नई के तुषार देशपांडे (2023), लखनऊ के शार्दुल ठाकुर (2025), राजस्थान के संदीप शर्मा (2025) और मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या (2025) भी 11 गेंदों का ओवर फेंकने वाले गेंदबाजों की सूची में शामिल हैं.
बड़ा इतिहास रचने से चूके अर्शदीप
अर्शदीप सिंह आईपीएल इतिहास में पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. फैंस को उम्मीद थी कि अगर वह इस मैच में 3 विकेट हासिल कर लेते, तो फ्रेंचाइजी के लिए 100 विकेट का जादुई आंकड़ा छूने वाले पहले गेंदबाज बन जाते. साल 2019 में पीबीकेएस के लिए अपना डेब्यू करने वाले अर्शदीप के नाम फिलहाल 84 मैचों में 97 विकेट दर्ज हैं.
वैशाक और चहल ने लूटी महफिल
जहां अर्शदीप के लिए यह दिन भुला देने वाला रहा, वहीं टीम के अन्य गेंदबाजों ने शानदार वापसी कराई. विजयकुमार वैशाक ने अपने 4 ओवर में 34 रन देकर 3 अहम विकेट झटके. वहीं, दिग्गज स्पिनर युजवेंद्र चहल ने भी अपनी फिरकी का जादू दिखाते हुए गुजरात के दो सबसे खतरनाक बल्लेबाजों, कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर को पवेलियन का रास्ता दिखाया. इसके अलावा मार्को जानसेन का प्रदर्शन भी प्रभावित करने वाला रहा.