Men's Hockey World Cup 2026: अर्जेंटीना ने भारत को रौंदा, विश्च कप से किया बाहर

भारत को पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 के दूसरे दौर में अर्जेंटीना के खिलाफ 5-3 से हार मिली.

X
Ashutosh Rai

भारतीय हॉकी टीम के लिए पुरुष विश्व कप 2026 का सफर निराशा के साथ खत्म हुआ. दूसरे दौर के मुकाबले में अर्जेंटीना ने भारत को 5-3 से हराया. शुरुआती मिनटों में मिली बढ़त के बाद अर्जेंटीना ने दबाव बनाए रखा. भारत ने वापसी की कोशिश की लेकिन गलतियों के कारण मुकाबला हाथ से निकल गया.

शुरुआत में ही पिछड़ गया भारत

भारत के लिए मुकाबले की शुरुआत बेहद खराब रही। खेल शुरू होने के सिर्फ 40 सेकंड बाद तोस्कानी ने गोल करके अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी. सातवें मिनट में निकोलस डेला टोरी ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया. सुखजीत सिंह ने 10वें मिनट में फील्ड गोल करके भारत की वापसी की उम्मीद जगाई लेकिन टीम अपने खेल को ज्यादा देर तक नहीं संभाल सकी. भारतीय डिफेंस में गलतियां दिखीं और पासिंग में भी कई चूक हुईं. दूसरे और तीसरे क्वार्टर में गेंद पर पकड़ होने के बावजूद भारत गोल करने के मौके नहीं बना पाया.

पेनाल्टी कॉर्नर भी नहीं दिला सके भारत को राहत

कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पास 34वें मिनट में भारत को बराबरी के करीब पहुंचाने का मौका था. भारत को लगातार चार पेनाल्टी कॉर्नर मिले लेकिन अर्जेंटीना के डिफेंस ने सभी मौकों को रोक दिया. जुगराज की गैरमौजूदगी भी भारतीय टीम के लिए मुश्किल साबित हुई. इसके बाद अर्जेंटीना ने दबाव बढ़ाया और डोमेने ने भारतीय गोलकीपर मोहित के अच्छे बचाव के बावजूद अपना असर दिखाया. यशदीप के फाउल पर मिले पेनाल्टी स्ट्रोक को डोमेने ने गोल में बदल दिया. भारत ने आखिरी क्वार्टर में दो गोल किए लेकिन तब तक अर्जेंटीना ने मजबूत बढ़त बना ली थी और मैच 5-3 से अपने नाम कर लिया.


बिना अंक के खत्म हुआ भारत का विश्व कप अभियान

भारत के लिए दूसरे दौर का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. अर्जेंटीना से हार से पहले टीम को नीदरलैंड के खिलाफ भी 3-1 से शिकस्त मिली थी. पहले दौर में इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार के कारण भारत दूसरे दौर में कोई अंक लेकर नहीं पहुंचा था. इसके बाद दूसरे दौर में भी टीम खाता नहीं खोल सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई. भारतीय टीम से इस विश्व कप में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी लेकिन डिफेंस की गलतियां, मौकों का फायदा न उठा पाना और शुरुआती बढ़त गंवाना भारी पड़ा. अर्जेंटीना के खिलाफ हार के साथ भारत का खिताब जीतने का सपना भी टूट गया.