Argentina vs Cape Verde: 'केप वर्दे को हल्के में लेने की भूल नहीं करेंगे...', मैच से पहले अर्जेंटीना के कोच ने दिया चौंकाने वाला बयान
FIFA World Cup 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले से पहले अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने केप वर्दे को मजबूत टीम बताया.
FIFA World Cup 2026 के नॉकआउट चरण में अर्जेंटीना और केप वर्दे की भिड़ंत से पहले मुकाबला चर्चा में है. मैच से पहले अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने साफ कहा कि उनकी टीम किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करेगी और पूरे फोकस के साथ मैदान में उतरेगी.
स्कालोनी ने केप वर्दे को बताया मजबूत चुनौती
राउंड ऑफ 32 मुकाबले से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने कहा कि अब वर्ल्ड कप में कोई भी टीम कमजोर नहीं है. उनके मुताबिक केप वर्दे ने अपने प्रदर्शन से साबित किया है कि वह यहां केवल भाग लेने नहीं, बल्कि मुकाबला जीतने आई है. स्कालोनी ने कहा कि टीम ने ग्रुप चरण में शानदार खेल दिखाया और अपनी मेहनत के दम पर नॉकआउट तक पहुंची है. उन्होंने कहा कि अब फुटबॉल में टीमों के बीच का अंतर पहले जैसा नहीं रहा. इसलिए हर मैच पूरी तैयारी और अनुशासन के साथ खेलना जरूरी है. उन्होंने खिलाड़ियों को विरोधी टीम को हल्के में न लेने की सलाह भी दी.
रक्षा और काउंटर अटैक को बताया सबसे बड़ा हथियार
स्कालोनी ने कहा कि केप वर्दे की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत डिफेंस है. उनके अनुसार यह टीम विरोधी खिलाड़ियों को खुलकर खेलने का मौका नहीं देती और गेंद मिलते ही तेज काउंटर अटैक करती है. उन्होंने बताया कि केप वर्दे पासिंग के रास्ते बंद करने में भी काफी माहिर है, जिससे दूसरी टीम पर दबाव बनता है. अर्जेंटीना के कोच ने कहा कि उनकी टीम इन सभी बातों को ध्यान में रखकर मैदान में उतरेगी. उन्होंने यह भी दोहराया कि नॉकआउट मुकाबलों में छोटी गलती भी भारी पड़ सकती है, इसलिए हर खिलाड़ी को पूरी जिम्मेदारी के साथ खेलना होगा.
Also Read
- Argentina vs Cape Verde: मेसी की वापसी से अर्जेंटीना मजबूत, जानिए कब और कहां देखें मुकाबला
- रोनाल्डो की जीत, मोद्रिच के आंसू... जानिए कैसे 'VAR' के एक फैसले से FIFA World Cup 2026 में मचा तहलका
- FIFA WORLD CUP के बीच आई दर्दनाक खबर, बच्चे का चेहरा देखने से पहले ही दुनिया छोड़ गया यह स्टार फुटबॉलर, गोलीबारी में गई जान
खिलाड़ियों की मानसिक तैयारी पर दिया जोर
मैच से पहले मौसम को लेकर भी सवाल पूछा गया, जिस पर स्कालोनी ने कहा कि गर्मी दोनों टीमों के लिए बराबर होगी. उन्होंने माना कि रात में मैच होता तो खिलाड़ियों के लिए ज्यादा आसान रहता लेकिन तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेलना होगा. वहीं अर्जेंटीना के मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल ने कहा कि पूरी टीम इस मुकाबले को फाइनल की तरह देख रही है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीम की जर्सी पहनना गर्व की बात है और हर खिलाड़ी पूरी मेहनत के साथ मैदान में उतरेगा. डी पॉल ने भरोसा जताया कि टीम जीत हासिल कर अगले दौर में पहुंचने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी.