IPL 2024: आईपीएल से पहले धोनी ने छोड़ी कप्तानी, गायकवड़ को थमाई टीम की कमान

IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन का आगाज 22 मार्च से होना है जिससे महज एक दिन पहले चेन्नई सुपर किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया है.

India Daily Live

IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन का आगाज होने वाला है जिससे पहले 5 बार की खिताबी चैम्पियन और आईपीएल की सबसे सफल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे बड़े खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी छोड़ दी है. चेन्नई सुपर किंग्स ने एक प्रेस रिलीज जारी कर इस बात का ऐलान किया है और बताया है कि धोनी इस सीजन बतौर कप्तान नहीं खेलेंगे बल्कि उनकी जगह टीम के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ टीम की कमान संभालते नजर आएंगे. सीएसके ने इसको लेकर कोई बड़ी प्रेस रिलीज में अभी इस बात का जिक्र नहीं किया है कि धोनी किस रोल में खेलते हुए नजर आएंगे.

चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से जारी की गई प्रेस रिलीज में कहा गया है कि एमएस धोनी ने रुतुराज गायकवाड़ को आगामी 2024 सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी सौंपी है. रुतुराज 2019 से चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का बेहद खास हिस्सा रहे हैं और उन्होंने इस दौरान आईपीएल में 52 मैच खेले हैं.

धोनी के नेतृत्व में सीएसके बनी सबसे सफल टीम

महेंद्र सिंह धोनी की बात करें तो वो सीजन की शुरुआत से चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रहे हैं और उनके नेतृत्व में सीएसके की टीम 11 बार फाइनल में पहुंची है तो वहीं 5 बार खिताब जीतने में कामयाब रही है. चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस के साथ सबसे ज्यादा खिताब जीतने के मामले में बराबर है और सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंचने के चलते आईपीएल की सबसे सफल टीम के नाम से भी जानी जाती है.

2019 से टीम के लिए अहम रहे हैं गायकवाड़

वहीं गायकवाड़ की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने इस बल्लेबाज को 2019 में अपने साथ जोड़ा था जिसके बाद वो लगातार अच्छी बल्लेबाजी से टीम की जीत में योगदान देते नजर आए हैं. अब बल्लेबाजी के अलावा टीम मैनेजमेंट उनसे लीडरशिप में भी अहम योगदान की उम्मीद कर रहा है. उल्लेखनीय है कि धोनी ने इससे पहले 2022 में भी कप्तानी छोड़ दी थी और रवींद्र जडेजा को नया कप्तान बनाया गया था, हालांकि खराब प्रदर्शन के चलते जडेजा ने बीच सीजन में ही कप्तानी छोड़ दी और धोनी को फिर से कमान संभालनी पड़ी. 

2022 में भी धोनी ने छोड़ी थी कप्तानी

गौरतलब है कि जब जडेजा ने सीएसके की कप्तानी संभाली तो उन्हें धोनी के आदर्श रिप्लेसमेंट के रूप में देखा गया था क्योंकि वो मल्टी टैलेंटेंड खिलाड़ी हैं. बतौर ऑलराउंडर उनके पास न सिर्फ गेंदबाजी, बल्कि बल्लेबाजी और फील्डिंग में भी योगदान करने का अनुभव रहा है. जडेजा को दबाव में निखरने के लिए जाना जाता था लेकिन कप्तानी के दबाव को वो भी नहीं झेल सके और इसका असर टीम के प्रदर्शन पर भी नजर आया.

2022 में टीम ने नौंवे स्थान पर रही थी लेकिन जब 20223 में उसने वापसी की तो फिर चैम्पियन की तरह खेली. इस सीजन सीएसके ने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ करीबी मुकाबला जीतकर अपना पांचवां खिताब जीता. सीएसके की टीम आईपीएल 2024 के ओपनिंग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ चेपॉक के मैदान पर भिड़ती नजर आएगी.

आईपीएल 2024 के लिए सीएसके की टीम: एमएस धोनी, मोइन अली, दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, शिवम दुबे, रुतुराज गायकवाड़ (सी), राजवर्धन हंगरगेकर, रवींद्र जडेजा, अजय मंडल, मुकेश चौधरी, अजिंक्य रहाणे, शेख रशीद, मिशेल सेंटनर, सिमरजीत सिंह, निशांत सिंधु , प्रशांत सोलंकी, महेश थीक्षाना, रचिन रवींद्र, शार्दुल ठाकुर, डेरिल मिशेल, समीर रिजवी, मुस्तफिजुर रहमान, अवनीश राव अरावेली, डेवोन कॉन्वे, मथीशा पथिराना.