menu-icon
India Daily

LIVE International Yoga Day 2026 Live: कोलकाता से शंघाई और टोरंटो तक गूंजा योग का संदेश, योगमय हुई पूरी दुनिया

आज 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कोलकाता में देश का मुख्य कार्यक्रम आयोजित हो रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं. इस वर्ष योग दिवस की थीम 'Yoga for Healthy Ageing' रखी गई है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
International Yoga Day 2026 Live: कोलकाता से शंघाई और टोरंटो तक गूंजा योग का संदेश, योगमय हुई पूरी दुनिया
Courtesy: ANI

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज पूरा भारत और विश्व योग की ऊर्जा से सराबोर हो गया. देशभर समेत वैश्विक स्तर पर करीब 2,500 स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए. इस वर्ष 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' थीम के साथ योग को स्वस्थ वृद्धावस्था, सक्रिय जीवनशैली और समग्र स्वास्थ्य का प्रतीक बनाते हुए वैश्विक अभियान के रूप में बढ़ावा दिया गया. कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हजारों योग साधकों के साथ सामूहिक योग सत्र का नेतृत्व किया. कोलकाता के विभिन्न इलाकों में भी बड़ी संख्या में लोग योगासन करते नजर आए. देश के कई प्रमुख नेता, सेलिब्रिटीज और आम नागरिकों ने योग दिवस मनाते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया.

विदेशों में भी योग का जोरदार स्वागत हुआ. कनाडा के टोरंटो में भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भारतीय समुदाय, राजनयिकों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया. वहीं चीन के शंघाई स्थित बंड फाइनेंस सेंटर में भारतीय दूतावास के कार्यक्रम में करीब 400 लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया, जिसमें विभिन्न देशों के लोग शामिल हुए. योग को स्वास्थ्य, संतुलन और बेहतर जीवन का माध्यम बताते हुए सभी ने इसे अपनाने की अपील की. पल-पल की अपडेट के लिए इंडिया डेली के लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें. पल-पल की अपडेट के लिए इंडिया डेली के लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें.

08:47:37 AM

झांसी में योगी आदित्यनाथ ने किया योग, पीएम मोदी के प्रयासों की सराहना

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी फोर्ट ग्राउंड में आयोजित भव्य कार्यक्रम में योगाभ्यास किया. इस दौरान उन्हें मंच पर पौधा भेंट कर सम्मानित भी किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की योग परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिली है. खबर एजेंसी ANI की मानें तो योगी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ने 140 करोड़ भारतीयों को विश्व मंच पर गर्व के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया है और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री हर वर्ष विभिन्न राज्यों में जाकर योग दिवस कार्यक्रमों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं और झांसी के ऐतिहासिक मैदान में इस आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है.

08:45:20 AM

योग सचमुच वैश्विक बन चुका है: एंटोनियो गुटेरेस

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कहा कि योग अब वास्तव में एक वैश्विक अभ्यास बन चुका है, जिसे दुनिया के हर हिस्से में अपनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि योग लोगों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ संतुलन, शांति और आपसी सद्भाव को भी बढ़ावा देता है. गुटेरेस ने योग को मानव कल्याण और स्वस्थ जीवनशैली के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए इसके वैश्विक प्रभाव की सराहना की.

08:05:40 AM

गुवाहाटी में निर्मला सीतारमण और हिमंत सरमा ने किया योगाभ्यास

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने गुवाहाटी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में योगाभ्यास किया. इस दौरान दोनों नेताओं ने योग के महत्व पर जोर देते हुए लोगों को स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सामूहिक योग के माध्यम से स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई.

07:59:59 AM

योग दिवस पर शिलांग में राजनाथ सिंह ने किया योगाभ्यास

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शिलांग में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए.

07:55:59 AM

अमेरिका में बढ़ रहा योग का प्रभाव, टेक्सास में जुटे सैकड़ों लोग

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अब अमेरिका में एक बड़े जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है. टेक्सास के पार्कों से लेकर न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर, विश्वविद्यालयों, सामुदायिक केंद्रों और सरकारी संस्थानों तक देशभर में योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया. इस वर्ष की थीम 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' रही, जिसमें निवारक स्वास्थ्य देखभाल, सक्रिय जीवनशैली और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष जोर दिया गया. भारत में शुरू हुई यह परंपरा अब अमेरिकी समाज में भी तेजी से लोकप्रिय हो रही है.

योग दिवस के प्रमुख आयोजनों में टेक्सास के शुगर लैंड में आयोजित कार्यक्रम खास रहा. यहां भारत के महावाणिज्यदूत डी.सी. मंजुनाथ और मेयर कैरोल मैककचियन ने ब्राज़ोस रिवर पार्क में आयोजित योग सत्र में हिस्सा लिया. हिंदू स्वयंसेवक संघ और हिंदू युवा संगठन के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और योग प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल हुए. खुले वातावरण में योगाभ्यास और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के जरिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया.

07:52:29 AM

अहमदाबाद में अमित शाह ने किया योग, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के अहमदाबाद में योगाभ्यास किया. इस दौरान उन्होंने योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन की कुंजी बताते हुए लोगों को नियमित रूप से योग अपनाने का संदेश दिया. इस वर्ष योग दिवस की थीम 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' है, जो बढ़ती उम्र में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है.

07:45:28 AM

PM मोदी योग करने में मदद करते हुए दिखे

कोलकाता में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास कर रहे प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनकी सही मुद्रा में योग करने में मदद कर रहे हैं. इस वर्ष के योग दिवस का विषय 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' है.

07:41:38 AM

अहमदाबाद में भी योग दिवस की धूम

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास किया. इस वर्ष के योग दिवस का विषय है 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग'.

07:35:21 AM

अल्बर्ट हॉल में योग दिवस का भव्य आयोजन

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जयपुर स्थित अल्बर्ट हॉल संग्रहालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में योगाभ्यास किया. इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने योग सत्र में भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया. कार्यक्रम में भाजपा विधायक गोपाल शर्मा भी मौजूद रहे.

07:21:25 AM

पैंगोंग त्सो झील पर जवानों ने मनाया योग दिवस

 भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 47वीं बटालियन ने पैंगोंग त्सो झील के किनारे योगाभ्यास करके 12वां वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया.

07:09:59 AM

कोलकाता में समारोह में शामिल हुए: प्रधानमंत्री मोदी

शारीरिक स्वास्थ्य से लेकर आंतरिक शांति तक, योग जीवन के हर पहलू को समृद्ध करता है. कोलकाता में इस वर्ष के समारोह में शामिल होकर मुझे बहुत खुशी हो रही है- पीएम मोदी