दुनिया में कैंसर का पहला मामला सबसे पहले कब और कहां सामने आया था, जान कर हिल जाएंगे आप
कैंसर कोई आधुनिक बीमारी नहीं है. इसके सबसे पुराने सबूत 17 लाख साल पुराने जीवाश्म से मिले हैं, जबकि लिखित इतिहास में पहला मामला 2625 ईसा पूर्व के मिस्र के पपीरस में दर्ज है.
कैंसर को अक्सर आधुनिक जीवनशैली और औद्योगीकरण की बीमारी माना जाता है, लेकिन सच्चाई इससे कहीं अलग है. वैज्ञानिकों और पुरातत्वविदों ने ऐसे सबूत खोजे हैं जो बताते हैं कि कैंसर हजारों, बल्कि लाखों सालों से मौजूद है. चाहे वह प्राचीन मिस्र की ममियां हों या दक्षिण अफ्रीका में मिला 17 लाख साल पुराना जीवाश्म, हर जगह इस बीमारी के निशान मिले हैं. आइए जानते हैं कि दुनिया में कैंसर का पहला मामला कब और कहाँ सामने आया.
17 लाख साल पुराना जीवाश्म सबसे पुराना सबूत
दुनिया में कैंसर के सबसे पुराने सबूत दक्षिण अफ्रीका से मिले हैं. वैज्ञानिकों ने एक प्राचीन मानव पैर की हड्डी (फुट बोन) में हड्डी के कैंसर (ओस्टियोसारकोमा) के निशान खोजे हैं, जो लगभग 17 लाख साल पुराना है. यह खोज यह साबित करती है कि कैंसर न केवल आधुनिक समय की बीमारी है, बल्कि यह मानव विकास की शुरुआत से ही अस्तित्व में थी.
पहली लिखित रिकॉर्डिंग
अगर लिखित दस्तावेजों की बात करें, तो सबसे पहला मामला प्राचीन मिस्र में मिलता है. 'एडविन स्मिथ पपीरस' नामक दस्तावेज, जो करीब 2625 ईसा पूर्व का है, दुनिया की सबसे पुरानी सर्जिकल पुस्तक मानी जाती है. इसमें एक मरीज के सीने में ठंडे, गोलाकार ट्यूमर (ब्रेस्ट कैंसर) का वर्णन है. दिलचस्प बात यह है कि इस बीमारी के इलाज के बारे में लिखा गया था - "कोई इलाज नहीं".
यूनानी चिकित्सकों ने नाम दिया कैंसर
'कैंसर' शब्द का जन्म प्राचीन यूनान में हुआ. लगभग 400 ईसा पूर्व में 'मेडिसिन के पिता' हिप्पोक्रेट्स ने ट्यूमर को देखकर उसकी आकृति केकड़े से मिलान किया और इसे 'कार्सिनोस' (Karkinos) नाम दिया. बाद में रोमन चिकित्सक सेल्सस ने इसे लैटिन में 'कैंसर' (Cancer) में बदल दिया. तब से यह नाम दुनिया भर में मशहूर हो गया.
हजारों साल पुरानी है यह बीमारी
सिर्फ मिस्र या यूनान ही नहीं, दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में कैंसर के प्राचीन सबूत मिले हैं. सूडान में 1200 ईसा पूर्व के एक युवक के कंकाल में मेटास्टैटिक कैंसर (फैलने वाला कैंसर) पाया गया. चीन में 14वीं शताब्दी ईसा पूर्व के अभिलेखों में भी कैंसर का जिक्र मिलता है. ये सभी खोजें बताती हैं कि कैंसर सिर्फ आज की नहीं, बल्कि इंसान की पुरानी से पुरानी बीमारियों में से एक है.