IPL 2026 US Israel Iran War

पीरियड्स के दर्द के बाद हो रही थकान? नहीं कर पा रही हैं कोई काम, इन आसान तरीकों से पाएं तुरंत राहत

पीरियड्स के दौरान दर्द के बाद कई महिलाओं को भारी थकान महसूस होती है. यह थकावट शरीर में खून की कमी, हार्मोनल बदलाव और पोषण की कमी के कारण होती है.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: पीरियड्स का दर्द तो कई महिलाओं के लिए आम समस्या है, लेकिन दर्द खत्म होने के बाद भी लगातार थकान और कमजोरी महसूस होना बहुत परेशान करने वाला होता है. ऑफिस, घर का काम और रोजमर्रा की जिंदगी में यह थकावट काफी मुश्किल पैदा कर देती है. सही जानकारी और कुछ आसान आदतों से आप इस थकान को काफी कम कर सकती हैं. आइए जानते हैं कुछ प्रभावी और सुरक्षित तरीके जो वाकई मदद करते हैं.

पोषण पर ध्यान दें

पीरियड्स के बाद थकान कम करने के लिए आयरन और विटामिन से भरपूर भोजन लें. अपने खाने में आपको  पालक, बीट, अनार, गुड़, दालें और ड्राई फ्रूट्स रोज शामिल करना चाहिए. अगर खून की कमी हो तो डॉक्टर की सलाह से आयरन सप्लीमेंट भी ले सकती हैं. बिना डॉक्टर के कोई दवा ना लें. ज्यादा पानी पिएं और चाय-कॉफी कम करें.

हल्की एक्सरसाइज और आराम

दर्द कम होने के बाद हल्की वॉक या योगासन जैसे बालासन, सुपाइन ट्विस्ट करें. इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और थकान घटती है. भारी एक्सरसाइज न करें. रोज 7-8 घंटे की अच्छी नींद जरूर लें.

घरेलू उपाय जो असरदार हैं

आप अगर चाहें तो घरेलू नुस्खे भी अपना सकते हैं. अदरक वाली चाय, दालचीनी वाला दूध या तुलसी का पानी थकान कम करने में मदद करता है. गर्म पानी की थैली पेट पर लगाएं. इससे भी बहुत आराम मिलता है.केला, बादाम और डार्क चॉकलेट जैसी चीजें एनर्जी बढ़ाती हैं.

लाइफस्टाइल में बदलाव

पीरियड्स के आसपास ज्यादा तनाव न लें. ध्यान और ब्रिदिंग एक्सरसाइज करें. स्क्रीन टाइम कम करें और ताजी हवा में समय बिताएं. अगर थकान के साथ चक्कर, सांस फूलना या बेहद कमजोरी हो तो ब्लड टेस्ट करवाएं.

कब डॉक्टर से मिलें

अगर थकान रोजाना बनी रहती है, काम करने में दिक्कत होती है या पीरियड्स अनियमित हैं तो गाइनोकोलॉजिस्ट से जरूर संपर्क करें. कभी-कभी थायरॉइड या एनीमिया जैसी समस्या भी इसका कारण हो सकती है.

Disclaimer: यहां दी गई सभी जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है.  theindiadaily.com  इन जानकारियों की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह ले लें.