Success Story: भट्टे पर ईंट ढोने वाला युवक बना अफसर, अपमान के थप्पड़ ने जगाई हिम्मत; मेहनत के दम पर कर दिया कमाल
एसएससी परीक्षा सफलता की कहानी संघर्ष की मिसाल है. ईंट ढोने वाले सतीश ने अपमान से सरकारी नौकरी का सपना देखा और मेहनत से अफसर बनकर परिवार की जिंदगी बदल दी. उनकी कहानी हिम्मत देती है.
Success Story of SSC Exam: एसएससी परीक्षा सफलता की कहानी सतीश के संघर्ष और हौसले की मिसाल है. एसएससी परीक्षा सफलता पाने से पहले उन्होंने ईंट के भट्टे पर मजदूरी की, शादियों में सामान उठाया और गरीबी का दर्द झेला. थप्पड़ ने उनके आत्मसम्मान को झकझोर दिया. इसके बाद उन्होंने ठान लिया कि जिंदगी हालात के भरोसे नहीं छोड़ेंगे. दिन में मेहनत और रात में पढ़ाई करते हुए उन्होंने सरकारी नौकरी का सपना पूरा किया और मां को गर्व का पल दिया भी.
उत्तर प्रदेश के संभल जिले से आने वाले सतीश का बचपन बेहद मुश्किल हालात में बीता. उनका जन्म ईंट के भट्टे पर हुआ था, जहां उनका पूरा परिवार प्रवासी मजदूर के तौर पर काम करता था.
ईंट ढोने के साथ शादियों में भी किया काम
परिवार में नौ भाई-बहन थे. आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि जरूरत की चीजें जुटाना भी मुश्किल था. ऐसे माहौल में पढ़ाई के बारे में सोचना भी आसान नहीं था. जैसे.जैसे सतीश बड़े हुए, उन्होंने भी परिवार की मदद के लिए मजदूरी शुरू कर दी. दिनभर ईंट ढोते और शारीरिक मेहनत करते थे.
इसके बाद शादियों में रोशनी का सामान उठाने का काम भी किया. इसी दौरान हुई एक घटना ने उनकी पूरी सोच बदल दी. एक शादी समारोह में काम करते समय उनके हाथ से रोशनी का तार छूट गया. वहां मौजूद एक व्यक्ति ने सबके सामने उन्हें जोरदार थप्पड़ मार दिया. यह घटना सतीश के लिए बेहद अपमानजनक थी. उसी समय उन्होंने तय कर लिया कि उन्हें गरीबी और बेइज्जती से भरी जिंदगी से बाहर निकलना है.
दिन में मजदूरी, रात में पढ़ाई
सतीश के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियां भी निभानी थीं. उन्होंने दिनभर बेलदारी की और शाम के बाद पढ़ाई में जुट जाते थे. थकान इतनी होती थी कि शरीर आराम मांगता था, लेकिन उनका लक्ष्य उन्हें रुकने नहीं देता था. वे साइकिल से पढ़ने के लिए जाते थे और लगातार अपनी तैयारी करते रहे. उनकी सफलता की कहानी से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं को यह सीख मिलती है कि मुश्किल परिस्थितियां लक्ष्य के रास्ते में रुकावट जरूर बन सकती हैं, लेकिन मंजिल तय करने वाले इंसान को रोक नहीं सकतीं.
पिता की मौत ने तोड़ दिया था हौसला
साल 2018-19 का दौर सतीश के लिए बेहद कठिन रहा. एक तरफ वह मजदूरी और पढ़ाई कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ उनके पिता गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. घर की आर्थिक स्थिति खराब थी. सतीश काम करने के साथ पिता की सेवा भी करते थे. 10 मार्च 2019 को उनके पिता का निधन हो गया. पिता की मौत के समय परिवार के पास आर्थिक सहारा तक नहीं था. इस घटना ने सतीश को अंदर से तोड़ दिया और वह काफी समय तक निराशा में रहे.
सरकारी नौकरी की तैयारी में मिली कई असफलताएं
पिता के निधन के बाद भी सतीश ने अपने सपने को खत्म नहीं होने दिया. उन्होंने सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू की और लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते रहे. गणित उनका कमजोर विषय था. कई बार असफलता मिलने के बाद लोगों ने उन्हें ताने भी दिए. उनसे कहा गया कि सरकारी नौकरी के पीछे समय क्यों बर्बाद कर रहे हो. लेकिन सतीश ने लोगों की बातों पर ध्यान नहीं दिया. उन्होंने अपनी कमियों को पहचाना और तैयारी जारी रखी.
2021 में कमाल
लगातार मेहनत के बाद सतीश को आखिरकार वह सफलता मिली जिसका उन्होंने लंबे समय तक इंतजार किया था. वर्ष 2021 में उन्होंने कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा पास की. इसके बाद उनका चयन सहायक लेखा अधिकारी के पद पर हुआ. ईंट के भट्टे पर मजदूरी करने वाला एक साधारण युवक अब सरकारी अफसर बन चुका था.
जब परीक्षा का परिणाम आया तो सतीश अपनी मां के गले लगकर खूब रोए. वे आंसू वर्षों के संघर्ष, पिता की याद, गरीबी, अपमान और आखिरकार मिली सफलता के थे. सतीश की सफलता की कहानी, एसएससी परीक्षा, सरकारी नौकरी, प्रतियोगी परीक्षा, सरकारी नौकरी की तैयारी और संघर्ष से जुड़ी यह यात्रा बताती है कि मजबूत इरादे और लगातार मेहनत के सामने कठिन हालात भी ज्यादा समय तक टिक नहीं सकते.