न्यूजीलैंड में नौकरी की तैयारी कर रहे हेल्थ प्रोफेशनल्स के लिए बड़ा अपडेट, OET टेस्ट के नियम बदले

न्यूजीलैंड ने डॉक्टर, नर्स और हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स के लिए OET इंग्लिश टेस्ट के नियम बदल दिए हैं. 13 जुलाई 2026 से घर बैठे दिए गए OET स्कोर मान्य नहीं होंगे.

Pinterest
Reepu Kumari

अगर आप डॉक्टर, नर्स या किसी अन्य हेल्थकेयर प्रोफेशन से जुड़े हैं और न्यूजीलैंड में नौकरी करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है. इमिग्रेशन न्यूजीलैंड ने OET यानी ऑक्यूपेशनल इंग्लिश टेस्ट को लेकर नए नियमों की घोषणा की है. 13 जुलाई 2026 से लागू होने वाले इस बदलाव के बाद घर से दिए गए OET स्कोर इमिग्रेशन आवेदन में स्वीकार नहीं किए जाएंगे. अब उम्मीदवारों को अधिकृत और निगरानी वाले टेस्ट सेंटर में जाकर परीक्षा पूरी करनी होगी. यह फैसला इमिग्रेशन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से लिया गया है.

13 जुलाई से लागू होगा नया नियम

इमिग्रेशन न्यूजीलैंड के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की आधी रात (न्यूजीलैंड स्टैंडर्ड टाइम) के बाद दाखिल होने वाले आवेदनों में केवल उन्हीं OET स्कोर को मान्यता मिलेगी, जो अधिकृत टेस्ट सेंटर में निगरानी के बीच हासिल किए गए हों. इसके बाद घर बैठे ऑनलाइन परीक्षा देने का विकल्प स्वीकार नहीं होगा.

क्या है OET और क्यों है जरूरी?

OET एक अंतरराष्ट्रीय अंग्रेजी भाषा परीक्षा है, जिसे विशेष रूप से हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स के लिए तैयार किया गया है. इस परीक्षा के जरिए उम्मीदवार की अंग्रेजी भाषा में काम करने की क्षमता का मूल्यांकन किया जाता है. इसका स्कोर न्यूजीलैंड सहित कई अंग्रेजी भाषी देशों में हेल्थ सेक्टर की नौकरियों और प्रोफेशनल रजिस्ट्रेशन के लिए उपयोग किया जाता है.


इन हेल्थ प्रोफेशनल्स के लिए लागू है परीक्षा

OET परीक्षा 12 हेल्थकेयर क्षेत्रों के लिए मान्य है. इनमें मेडिसिन, नर्सिंग, डेंटिस्ट्री, फार्मेसी, फिजियोथेरेपी, डायटेटिक्स, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, ऑप्टोमेट्री, रेडियोग्राफी, स्पीच पैथोलॉजी, पोडियाट्री और वेटेरिनरी साइंस जैसे प्रोफेशन शामिल हैं.

घर से दिए गए नए टेस्ट नहीं होंगे मान्य

नए नियम के तहत 13 जुलाई 2026 या उसके बाद OET देने वाले सभी उम्मीदवारों को अधिकृत टेस्ट सेंटर में उपस्थित होकर परीक्षा देनी होगी. इमिग्रेशन विभाग का कहना है कि इससे परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता बनी रहेगी और यह सुनिश्चित होगा कि स्कोर उम्मीदवार की वास्तविक भाषा क्षमता को दर्शाते हैं.

पुराने OET स्कोर पर नहीं पड़ेगा असर

इमिग्रेशन न्यूजीलैंड ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों ने 12 जुलाई 2026 तक 'एट-होम OET' पूरा कर लिया है, वे अपने मौजूदा स्कोर का उपयोग इमिग्रेशन आवेदन में कर सकेंगे. विभाग ने यह भी कहा है कि OET संस्था के साथ मिलकर बदलाव को सुचारु रूप से लागू करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उम्मीदवारों को अनावश्यक परेशानी न हो.