Sarkari Naukri: भारतीय वायु सेना की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव, तकनीकी शाखा में नौकरी के लिए GATE जरुरी
भारतीय वायु सेना की ओर से अधिकारी कैडर की तकनीकी शाखा में भर्ती का एक नया तरीका पेश किया है. अगर आप आवेदन करना चाहते हैं तो नीचे जानकारी दी गई है.
Sarkari Naukri: भारतीय वायु सेना (IAF) ने अपने अधिकारी कैडर की तकनीकी शाखा में कैंडिडेट के लिए भर्ती का एक नया तरीका पेश किया है. जो लोग इसमें अपना करियर बनाने का सपना देख रहे हैं उनके लिए यह अहम खबर है. प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के अनुसार, इस नई योजना के तहत, योग्य उम्मीदवार इंजीनियरिंग में स्नातक योग्यता परीक्षा (GATE) के अंकों का उपयोग करके आवेदन कर सकेंगे.
शॉर्टलिस्ट प्रोसेस
इस बदलाव के साथ, वैध GATE स्कोर वाले कैंडिडेट को वायु सेना चयन बोर्ड (AFSB) में परीक्षा के लिए सीधे शॉर्टलिस्ट किया जा सकता है. इसका मतलब है कि उन्हें तकनीकी शाखा में प्रवेश के लिए वायु सेना सामान्य प्रवेश परीक्षा (AFCAT) सहित प्रारंभिक लिखित परीक्षा में शामिल होने की आवश्यकता नहीं होगी.
तकनीकी शाखा के लिए केवल GATE प्रवेश
भारतीय वायु सेना ने स्पष्ट किया है कि यह नई प्रणाली केवल तकनीकी शाखा के लिए उपलब्ध होगी. वायु सेना की अन्य सभी शाखाओं के लिए AFCAT मुख्य प्रवेश परीक्षा बनी रहेगी. तकनीकी शाखा के लिए भी कैंडिडेट पहले की तरह AFCAT के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. जो लोग इस विंग के अलावा किसी अन्य विभाग के लिए अप्लाई कर रहे हैं वो उन्हें पुराने नियमों का पालन करना होगा.
GATE आधारित प्रवेश योजना के तहत आवश्यक शैक्षणिक योग्यताएं वही रहेंगी जो AFCAT के माध्यम से तकनीकी शाखा में भर्ती के लिए आवश्यक हैं.
GATE के विषय और योग्यता
वायु सेना ने AFCAT 02/2026 अधिसूचना में इस प्रवेश मार्ग के लिए स्वीकार्य GATE विषयों की लिस्ट भी जारी कर दी है. कैंडिडेट AFCAT और करियर इंडियन एयर फोर्स की वेबसाइटों पर विस्तृत अधिसूचना देखकर यह जान सकते हैं कि उनका विषय पात्रता मानदंडों को पूरा करता है या नहीं.
इस नए कदम से इंजीनियरिंग स्नातकों को भारतीय वायु सेना में तकनीकी शाखा में अधिकारी के रूप में शामिल होने का एक और रास्ता मिलने की उम्मीद है.
AFCAT 02/2026 नोटिफिकेशन जारी
भारतीय वायु सेना में तकनीकी शाखाओं के लिए GATE आधारित प्रवेश प्रक्रिया जुलाई 2027 से शुरू होने वाले पाठ्यक्रमों के लिए AFCAT 02/2026 अधिसूचना जारी होने के साथ ही शुरू हो रही है. AFCAT 02/2026 आवेदन प्रक्रिया 20 मई से शुरू हुई और 19 जून तक खुली रहेगी. GATE स्कोर एंट्री और NCC स्पेशल एंट्री के माध्यम से आवेदन करने वाले कैंडिडेट को AFCAT परीक्षा शुल्क का भुगतान करने से छूट दी गई है.