BHU Recruitment 2026: बीएचयू में बंपर भर्ती, सीनियर साइंटिस्ट से स्टेनोग्राफर तक कई पदों पर नौकरी का मौका
BHU Recruitment 2026 के तहत बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में सीनियर साइंटिस्ट, फार्म मैनेजर, स्टेनोग्राफर और ड्राइवर सहित कई पदों पर भर्ती निकली है. आवेदन की अंतिम तारीख 23 फरवरी 2026 है.
नई दिल्ली: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. बनारस हिंदू विश्वविद्यालय ने वर्ष 2026 के लिए बंपर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के तहत विश्वविद्यालय में सीनियर साइंटिस्ट कम हेड, फार्म मैनेजर, स्टेनोग्राफर ग्रेड थ्री, ड्राइवर समेत कई अहम पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.
बीएचयू भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 फरवरी 2026 तय की गई है. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम दिन का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.
किन पदों पर होगी भर्ती
बीएचयू द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इस भर्ती में कई अलग अलग श्रेणियों के पद शामिल हैं. इसमें सीनियर साइंटिस्ट कम हेड जैसे उच्च पदों के साथ साथ फार्म मैनेजर, स्टेनोग्राफर ग्रेड थ्री और ड्राइवर जैसे पद भी शामिल किए गए हैं. इसके अलावा विश्वविद्यालय में अन्य टेक्निकल और नॉन टेक्निकल पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी, जिससे विभिन्न शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवारों को मौका मिलेगा.
इस भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग अलग निर्धारित की गई है. कुछ पदों के लिए उम्मीदवार का बारहवीं पास होना जरूरी है. वहीं कुछ पदों पर आवेदन करने के लिए ग्रेजुएशन या एमएससी जैसी उच्च डिग्री अनिवार्य रखी गई है. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले संबंधित पद की योग्यता को ध्यान से पढ़ लें.
कितनी उम्र के लोग कर सकते हैं आवेदन
बीएचयू भर्ती 2026 में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष होनी चाहिए. अधिकतम उम्र सीमा पदों के अनुसार अलग अलग रखी गई है, जो 30 वर्ष से 40 वर्ष के बीच है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में छूट दी जाएगी.
इस भर्ती में साइंटिफिक और टेक्निकल पदों के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. वहीं नॉन टेक्निकल पदों के लिए इन वर्गों के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये शुल्क तय किया गया है. एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
बीएचयू भर्ती 2026 के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां Apply Online लिंक पर क्लिक करके आवेदन फॉर्म भरना होगा. इसके बाद जरूरी दस्तावेज जैसे शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और फोटो सिग्नेचर अपलोड करने होंगे. सभी जानकारी भरने के बाद आवेदन फॉर्म सबमिट कर दें और उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रख लें.
बीएचयू भर्ती 2026 में चयन प्रक्रिया पद के अनुसार तय की जाएगी. कुछ पदों पर लिखित परीक्षा आयोजित की जा सकती है, जबकि कुछ पदों के लिए स्किल टेस्ट या इंटरव्यू लिया जाएगा. अंतिम चयन मेरिट और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा.