यूरोपीय यूनियन के प्रेस रूम में 'पाद' की तेज बदबू का कहर, जेलेंस्की का इंतजार कर रहे पत्रकार कांफ्रेंस छोड़कर भागे
ब्रसेल्स में यूरोपीय यूनियन के सम्मेलन के दौरान पत्रकार एक अदृश्य पादने वाले की तेज बदबू से परेशान हो गए.
बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में यूरोपीय यूनियन से जुड़े एक अहम शिखर सम्मेलन के दौरान पत्रकारों को एक अजीब परेशानी का सामना करना पड़ा. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बातचीत और उनकी ब्रीफिंग का इंतजार कर रहे पत्रकारों को प्रेस रूम में बार-बार तेज बदबू महसूस हुई. स्थिति ऐसी बनी कि कुछ पत्रकारों को कमरे से बाहर निकलना पड़ा.
‘अदृश्य पादने वाला’ कौन?
इस घटना ने पत्रकारों के बीच एक अनोखा सवाल खड़ा कर दिया- आखिर कमरे में बार-बार बदबू फैलाने वाला कौन था? समाचार वेबसाइट पोलिटिको यूरोप ने भी इस रहस्य पर चर्चा करते हुए सवाल उठाया कि जेलेंस्की का इंतजार कर रहे पत्रकारों के बीच बार-बार हवा छोड़ने के लिए कौन जिम्मेदार था. हालांकि, बदबू के वास्तविक स्रोत की पुष्टि नहीं हुई.
पहले भी हुई थी ऐसी परेशानी
रिपोर्ट के मुताबिक, यह समस्या केवल एक दिन तक सीमित नहीं थी. इससे एक शाम पहले राजनयिकों की ब्रीफिंग के दौरान भी पत्रकारों को ऐसी ही बदबू का सामना करना पड़ा था. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, बदबू इतनी तेज थी कि कई पत्रकारों को कमरा छोड़ना पड़ा.
Also Read
पत्रकार ने सोशल मीडिया पर ली चुटकी
राजनीतिक अर्थव्यवस्था के विश्लेषक और पत्रकार शंकर अय्यर भी इस परेशानी से प्रभावित हुए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना को मजाकिया अंदाज में उठाया. उन्होंने सवाल किया कि जेलेंस्की के साथ मीडिया बातचीत का इंतजार करते समय पत्रकारों को परेशान करने वाला यह ‘अदृश्य पादने वाला’ आखिर कौन है.
कॉफी, खबरों का इंतजार और खराब हवा
अय्यर ने टिप्पणी की कि पत्रकार कॉफी के सहारे घंटों ब्रीफिंग का इंतजार करते हैं, क्योंकि वे कोई अहम खबर छूटने नहीं देना चाहते. ऐसे माहौल में इस तरह की बदबू परेशानी और बढ़ा सकती है. उन्होंने मजाक में अज्ञात व्यक्ति से बाहर जाकर समस्या खत्म करने की गुजारिश भी की.
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
शुरुआत में प्रेस रूम तक सीमित रही यह घटना पोलिटिको यूरोप की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद चर्चा में आ गई. हालांकि, बदबू के लिए कौन जिम्मेदार था, यह स्पष्ट नहीं हो सका. इस तरह एक गंभीर राजनीतिक सम्मेलन के बीच पत्रकारों को एक अनोखे और अनसुलझे रहस्य का सामना करना पड़ा.