क्यों छोड़ दी राष्ट्रपति पद की दावेदारी? अब जो बाइडन ने खुद बताई पूरी सच्चाई
Joe Biden: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक इंटरव्यू में खुद बताया है कि उन्होंने क्यों राष्ट्रपति चुनाव में अपनी दावेदारी से पीछे हटने का फैसला किया. उन्होंने कहा कि वह डेमोक्रेट नेताओं से दबाव का सामना कर रहे थे. उन्होंने कहा कि उनके कई सहयोगियों को लगता था कि बाइडन डेमोक्रेट के चुनावी अभियान को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
Joe Biden: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी से अपने हाथ पीछे खींचने की वजह को बताया है. बाइडन ने बताया कि डेमोक्रेट नेता नेंसी पेलोसी के कहने पर उन्होंने यह निर्णय लिया कि वह राष्ट्रपति चुनाव से अपना नाम वापस लेंगे. बाइडन ने बताया कि पेलोसी ने उनसे कहा था कि उन पर डेमोक्रेट नेताओं की ओर से दबाव बढ़ रहा है कि बाइडन के नेतृत्व में डेमोक्रेट्स चुनाव लड़ने को उत्सुक नहीं हैं. सीबीएस न्यूज संडे मॉर्निंग पर अपने इंटरव्यू के दौरान उन्होंने यह बातें कहीं.
बाइडन ने अपने इंटरव्यू में कहा कि उनके सहयोगियों को डर था कि उनके नेतृत्व में चुनाव जीतने की कोशिशों को झटका लग सकता है. बाइडन ने कहा कि सदन और सीनेट में मेरे कई डेमोक्रेटिक सहयोगियों ने सोचा कि मैं दौड़ में उन्हें नुकसान पहुँचाने जा रहा हूँ. वहीं, मुझे चिंता थी कि अगर मैं दौड़ में बना रहा तो यह विषय बना रहेगा. इसलिए मैंने हटने का फैसला कर लिया.
पेलोसी ने साजिश रची
बाइडन की CNN डिबेट में हार के बाद उन पर राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी से हटने की अटकलें तेज हो गई थीं. आखिरकार अटकलों ने सच का रूप ले लिया और राष्ट्रपति जो ने हार मान ली. जुलाई के अंत में उन्होंने एक लंबा बयान जारी कर दौड़ से बाहर होने की घोषणा की. इसके बाद डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के रूप में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का समर्थन किया.इस दौरान कई मीडिया आउटलेट्स ने दावा किया था कि पेलोसी ने उनके खिलाफ तख्तापलट की साजिश रची थी.
पेलोसी ने किया इंकार
डेमोक्रेटिक सूत्रों ने पिछले महीने NBC न्यूज को बताया था कि पेलोसी यह दिखाना जारी रखती हैं कि वह एक मास्टर राजनीतिक रणनीतिकार हैं. बाइडन को राष्ट्रपति पद की रेस से बाहर करने के लिए पेलोसी 50 फीसदी जिम्मेदार हैं. हालांकि इन दावों से पूर्व स्पीकर पेलोसी ने हमेशा इंकार किया है. उन्होंने कई बार कहा है कि बाइडन की दावेदारी से पीछे हटने में उनकी कोई भूमिका नहीं है. पेलोसी के प्रवक्ता आरोन बेनेट ने उन दावों का खंडन किया कि डेमोक्रेटिक नेताओं ने कथित तौर पर बिडेन को हटाने की साजिश रची थी.