क्या है चीन का बेहद गुप्त परिसर 'झोंगनानहाई', जहां ट्रंप को लेकर पहुंचे शी जिनपिंग? क्या है इसकी खासियत
चीन से जुड़े तमाम बड़े फैसले इसी परिसर से लिए जाते हैं. यहां के हुआइरेन हॉल में चीनी पोलित ब्यूरो स्टैंडिंग कमेटी की बैठक और बड़े कूटनीतिक-राजनीतिक फैसले होते हैं.
दो दिवसीय दौरे पर चीन पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शुक्रवार को झोंगनानहाई परिसर की सैर कराई. यह चीन का वह गुप्त परिसर है जहां जिनपिंग आम तौर पर सभी राष्ट्राध्यक्षों को नहीं ले जाते. झोंगनानहाई बीजिंग का वह गुप्त प परिसर है जो न केवल चीनी राष्ट्रपति का सरकारी आवासीय कॉम्पलेक्स है बल्कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) और राज्य परिषद का मुख्य केंद्र भी है.
क्या है परिसर की खासियत
झोंगनानहाई पहुंचे ट्रंप ने परिसर में लगे गुलाबों की प्रशंसा की और उन्हें अब तक के सबसे खूबसूरत गुलाब बताया. ट्रंप ने परिसर के अंदर कई सैकड़ों साल पुराने पेड़ देखकर कहा कि उन्हें झोंगनानहाई की आदत पड़ सकती है. ट्रंप ने कहा, 'अच्छी जगह है. मुझे यह जगह पसंद है. मुझे इसकी आदत हो जाएगी.'
बता दें कि झोंगनानहाई फोरबिडेन सिटी के पश्चिम और तियानमनेन स्क्वॉयर के पास है. इसके नाम का मतलब 'मध्य और दक्षिणी सागर' है. परिसर के अंदर दो बड़ी झीलें हैं जिन्हें समुद्र कहा जाता है. 1500 एकड़ में फैले इस परिसर के आधे हिस्से में झीलों वाला पानी है. यहां आधुनिक कार्यालय, चीनी गार्डन, प्राचीन मंदिर और पवेलियन हैं और पूरा परिसर लाल दीवारों से घिरा हुआ है. यहां की सुरक्षा अमेरिकी व्हाइट हाउस और रूस के क्रेमलिन जैसी सख्त है और प्रवेश प्रतिबंधित है.
मिंग और किंग राजवंशों का शाही बगीजा हुआ करता था परिसर
मिंग और किंग राजवंशों के सम्राटों ने 1400 से निषिद्ध शहर के भीतर से अपने राज्य पर शासन किया. यह उनका शाही बगीचा हुआ करता था. साल 1898 में महारानी डॉवेजर सिक्सी ने यहीं पर सम्राट गुआंग्शू के खिलाफ तख्तापलट किया था और सबसे पहले झोंगनानहाई को सत्ता के केंद्र के रूप में देखा. साल 1949 में कम्युनिस्ट पार्टी ने इसे अपना मुख्यालय बनाया और पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की स्थापना के बाद माओ जेडोंग ने इसे अपना ऑफिस और घर बनाया.
यहीं से लिए जाते हैं चीन के बड़े फैसले
चीन से जुड़े तमाम बड़े फैसले इसी परिसर से लिए जाते हैं. यहां के हुआइरेन हॉल में चीनी पोलित ब्यूरो स्टैंडिंग कमेटी की बैठक और बड़े कूटनीतिक-राजनीतिक फैसले होते हैं. शी और उनके मंत्री अधिकारी यहीं से काम करते हैं और यहीं रहते हैं. आज झोंगनानहाई चीन के सबसे सुरक्षित क्षेत्रों में से एक है. हालांकि 1949 में सत्ता का केंद्र बनने से पहले 1920 में यह एक पार्क हुआ करता था जहां पर्यटक झीलों में राफ्टिंग और तैराकी करते थे.
परिसर में कई बार आ चुके हैं पुतिन
इस परिसर में हर राष्ट्राध्यक्ष को आने की अनुमति नहीं है. जब ट्रंप ने शी से पूछा किया दूसरे देश के नेताओं को यहां लाया जाता है तो शी ने कहा कि बहुत कम. शी जिनपिंग ज्यादातर कूटनीतिक मुलाकातें ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल या फिर डियाओयुताई स्टेट गेस्टहाउस में करते हैं. हालांकि व्लादिमीर पुतिन कई बार इस परिसर में आ चुके हैं. पुतिन के अलावा बराक ओबामा, एलन मस्क, डच राजा और बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर जी लुकाशेंको भी यहां का दौरा कर चुके हैं.