ट्रंप का बचपन वाला घर हुआ नीलाम, 1940 में पिता ने रखी थी नींव… कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान!
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बचपन का न्यूयॉर्क स्थित घर करीब 1.93 मिलियन डॉलर में बिक गया है. क्वींस के जमैका एस्टेट्स इलाके में उनके पिता फ्रेड ट्रंप ने 1940 में यह घर बनवाया था.
नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ा एक पुराना घर एक बार फिर सुर्खियों में है. न्यूयॉर्क के क्वींस इलाके में मौजूद यह वही मकान है, जहां ट्रंप ने अपने जीवन के शुरुआती साल बिताए थे. यह ट्यूडर शैली का घर जमैका एस्टेट्स में उनके पिता और रियल एस्टेट कारोबारी फ्रेड ट्रंप ने 1940 में बनवाया था. ट्रंप करीब चार साल की उम्र तक यहां रहे थे. हालांकि परिवार के पास यह संपत्ति अब कई वर्षों से नहीं है.
कभी खाली पड़ा था, फिर बदली पूरी तस्वीर
पिछले साल डेवलपर टॉमी लिन ने इस पांच बेडरूम और तीन बाथरूम वाले मकान को 835,000 डॉलर में खरीदा था. उस समय घर लंबे समय से खाली और उपेक्षित पड़ा था. लिन ने इसके कायाकल्प पर करीब 500,000 डॉलर और खर्च किए. करीब आठ महीने चले काम के दौरान घर का इंटीरियर पूरी तरह बदला गया. इसमें शेफ-स्टाइल किचन, हेरिंगबोन लकड़ी का फर्श और स्पा जैसी सुविधाओं वाले बाथरूम तैयार किए गए.
ट्रंप के नाम से भी जुड़ी रही इस घर की कहानी
जिलो के अनुसार यह मकान पिछले कुछ वर्षों में कई बार बिक चुका है. 2017 में ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के कुछ महीनों बाद इसे 2.14 मिलियन डॉलर में खरीदा गया था. खरीदार ट्रंप बर्थ होम एलएलसी नाम की कंपनी थी. कुछ समय के लिए घर को एयरबीएनबी पर किराये के लिए भी उपलब्ध कराया गया. उस दौरान यहां ट्रंप के आदमकद कार्डबोर्ड कटआउट, उनकी किताब ‘द आर्ट ऑफ द डील’ और उनकी तस्वीर वाले ‘पीपल’ मैगजीन कवर भी रखे गए थे.
Also Read
जंगली बिल्लियों ने बना लिया था ठिकाना
2019 में 2.9 मिलियन डॉलर की कीमत पर सूचीबद्ध होने के बावजूद घर नहीं बिका. बाद में इसकी हालत इतनी खराब हो गई कि पाइप फटने से पानी और फफूंद ने काफी नुकसान पहुंचाया. रिपोर्ट के मुताबिक, जंगली बिल्लियों ने भी घर के आसपास अपना ठिकाना बना लिया था. जिस जगह ट्रंप ने बचपन का हिस्सा बिताया था, वह कभी लगभग उजाड़ स्थिति में पहुंच गई थी. अब बड़े नवीनीकरण के बाद वही संपत्ति फिर करोड़ों की कीमत में बिक चुकी है.
रियल एस्टेट से राजनीति तक ट्रंप का सफर
ट्रंप ने रियल एस्टेट कारोबार से बड़ी संपत्ति बनाई और मैनहट्टन में अपने नाम पर ट्रंप टॉवर बनवाया. लंबे समय तक उनकी पहचान कारोबार और प्रॉपर्टी से जुड़ी रही. बाद में उन्होंने अपनी लोकप्रियता और संपत्ति का इस्तेमाल राजनीति में प्रवेश के लिए किया. राष्ट्रपति बनने के बाद भी उनकी भव्य इमारतों और संपत्तियों में दिलचस्पी चर्चा में रहती है. व्हाइट हाउस में बड़ा बॉलरूम बनवाने और ओवल ऑफिस की सजावट में बदलाव भी इसी छवि से जोड़े जाते हैं.