‘भारत जितना चाहता है उतना तेल मिलेगा…’ दिल्ली आने से पहले मार्को रूबियो का बड़ा बयान
भारत के तेल की समस्या खत्म होने की संभावना है. दरअसल, अमेरिका के अधिकारी मार्को रूबियो का कहना है कि अमेरिका भारत को जितना चाहे उनकी एनर्जी देने के लिए तैयार है.
नई दिल्ली: भारत में तेल की परेशानी खत्म हो सकती है. खबरों के अनुसार, अमेरिका भारत को और ज्यादा तेल और गैस बेचना चाहता है. ऐसा इसलिए क्योंकि मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते दुनियाभर में एनर्जी सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. अमेरिका के अधिकारी मार्को रूबियो का कहना है कि अमेरिका भारत को जितना चाहे उनकी एनर्जी देने के लिए तैयार है. उन्होंने यह बात अपनी भारत यात्रा से ठीक पहले कही है.
बता दें कि भारत कच्च तेल के दुनिया के सबसे बड़े खरीदारों में से एक है. होर्मुज जलडमरूमध्य से भारत का ज्यादातर तेल आता है, लेकिन जब से इस पर प्रतिबंध है, फ्यूल की दिक्कतें बढ़ने लगी हैं. इस प्रतिबंध से भारत आने वाले समय में एनर्जी सप्लाई को लेकर चिंतित नजर आ रहा है.
भारत को एनर्जी सप्लाई करने वाला एक बहुत बड़ा देश बनना चाहता है अमेरिका: रूबियो
रूबियो ने कहा है कि अमेरिका इस समय बहुत ज्यादा मात्रा में तेल और गैस प्रॉड्यूस कर रहा है. वह भारत को एनर्जी सप्लाई करने वाला एक बहुत बड़ा देश बनना चाहता है. इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका और भी ज्यादा करना चाहता है, जिसके लिए भारत से बातचीत की जा रही है. रूबियो ने वेनेजुएला से तेल से जुड़े संभावित सहयोग का भी जिक्र किया. बता दें कि वेनेजुएला के अंतरिम राष्ट्रपति के भी जल्द ही भारत आने की उम्मीद है.
रूबियो ने की भारत की तारीफ:
रूबियो ने भारत को एक महान पार्टनर और महान सहयोगी बताया है. रूबियो का कहना है कि भारत की यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए बेहद जरूरी है. माना जा रहा है कि भारत और अमेरिका के रिश्ते मजबूत हो सकते हैं.
कितने दिन की होगी यात्रा:
बता दें कि मार्को रूबियो चार दिन की यात्रा पर भारत आ रहे हैं. 23 से 26 मई तक रूबियो भारत में रहेंगे. इस दौरान वो कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली जाएंगे. भारतीय नेताओं के साथ ऊर्जा सुरक्षा, रक्षा, व्यापार और सुरक्षा सहयोग पर जरूरी बैठकें करेंगे. इसके अलावा रूबियो नई दिल्ली में क्वाड के विदेश मंत्रियों के साथ भी बातचीत करेंगे.